टी20 सीरीज से ऑस्ट्रेलिया दौरे का सकारात्मक अंत करने उतरेगी भारतीय टीम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 06, 2021

गोल्ड कोस्ट। कप्तान हरमनप्रीत कौर की वापसी से उत्साहित भारतीय महिला क्रिकेट टीम मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में जीत दर्ज करके इस दौरे का सकारात्मक अंत करने की कोशिश करेगी। हरमनप्रीत अंगूठे की चोट के कारण एकदिवसीय श्रृंखला और एकमात्र दिन रात्रि टेस्ट मैच में नहीं खेल पायी थी लेकिन अब वह फिट हैं जिससे टीम की बल्लेबाजी का आक्रामक पक्ष मजबूत हुआ है जिसमें युवा शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी शानदार फॉर्म में चल रही है। ऑस्ट्रेलियाई दौरे के आखिरी चरण के मैचों से पहले मंधाना आत्मविश्वास से ओतप्रोत है। उन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था। यह सीनियर बल्लेबाज निश्चित तौर पर उस लय को बरकरार रखने के लिये प्रतिबद्ध होगी हालांकि दोनों प्रारूपों में बहुत अंतर है।

इसे भी पढ़ें: कोविड-19 महामारी के कारण रद्द हुआ जापान क्लासिक, LPGA का एशिया में होगा केवल एक टूर्नामेंट

आस्ट्रेलिया के पास कई आलराउंडर हैं जिससे वह इस प्रारूप में काफी मजबूत नजर आता है लेकिन भारत उसे कड़ी चुनौती देने के लिये पूरी तरह से तैयार लगता है। भारत को टी20 में पिछले कुछ समय से अनुभवी गेंदबाज झूलन गोस्वामी की सेवाएं नहीं मिल रही हैं लेकिन मेघना सिंह, पूजा वस्त्राकर और शिखा पांडे जैसी गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में भारत की निगाहें मध्यक्रम में विकेटकीपर ऋचा घोष और यास्तिका भाटिया पर भी टिकी रहेंगी। आस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लैनिंग को उम्मीद होगी कि उनके आलराउंडर फिर से अंतर पैदा करने में सफल रहेंगे।

इसे भी पढ़ें: रोहित शर्मा बोले- मेरी नजर में हम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 2-1 से जीते

आस्ट्रेलिया इस श्रृंखला में आलराउंडर ताहलिया मैकग्रा को भी पदार्पण का मौका दे सकता है जिन्होंने टेस्ट मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। हाल की फॉर्म को देखते हुए अन्नाबेल सदरलैंड और निकोला कैरी के शानदार रिकार्ड को देखते हुए इन दोनों का भी अंतिम एकादश में जगह बनाने का दावा मजबूत है। टीमें इस प्रकार हैं : भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, यास्तिका भाटिया, शिखा पांडे, मेघना सिंह, पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरलीन देओल, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, रेणुका सिंह। आस्ट्रेलिया: मेग लैनिंग (कप्तान), डार्सी ब्राउन, मैटलन ब्राउन, स्टेला कैंपबेल, निकोला कैरी, हन्ना डार्लिंगटन, एशले गार्डनर, एलिसा हीली, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पैरी, जॉर्जिया रेडमायने, मौली स्ट्रानो, एनाबेल सदरलैंड, टायला व्लामिनक, जॉर्जिया वेयरहैम। मैच दोपहर बाद दो बजकर 10 मिनट से शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Gajanan Sankranti 2026: सावन की गजानन चतुर्थी आज, इन Mantras के जाप से चमक सकती है आपकी Fortune

Assam में बाढ़ प्रभावित शिवसागर और चराइदेव के लोगों का एक साल का भूमि कर माफ

Kerala: मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन पर सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर उठे सवाल

Ganeev Kaur ने अकाल तख्त को लिखा पत्र, विधानसभा सत्र में शामिल होने पर मांगा निर्देश