By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 04, 2026
नयी दिल्ली, चार अगस्त देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) राहुल भाटिया ने कंपनी के 20 साल पूरे होने पर मंगलवार को कहा कि एयरलाइन का सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है और अब इसकी कमान नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विली वॉल्श संभालेंगे। भाटिया ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि भारतीय विमानन क्षेत्र अभी शुरुआती दौर में है और इसके प्रमुख विमानन केंद्र बनने की तरफ अग्रसर होने में इंडिगो की अहम भूमिका रही है। एयरलाइन का परिचालन चार अगस्त, 2006 को शुरू हुआ था।
एयरलाइन ने वर्ष 2030 तक प्रतिदिन लगभग 3,000 उड़ानें संचालित करने, सालाना 20 करोड़ यात्रियों को सेवा देने और 550 से अधिक विमानों का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इस साल मार्च में तत्कालीन सीईओ पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के बाद भाटिया अंतरिम सीईओ के रूप में कार्य देख रहे थे।