By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 18, 2025
भारत की दूसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस के निदेशक मंडल ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सलिल पारेख को 51 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कर्मचारी शेयर विकल्प योजना (ईएसओपी) देने की मंजूरी दे दी है।
निदेशक मंडल ने 2015 योजना के तहत अनुदान की तिथि पर पांच करोड़ रुपये के बाजार मूल्य वाले कंपनी के शेयरों को ‘कवर’ करने वाले रिसर्टिकटेड स्टॉक यूनिट (आरएसयू) के रूप में वार्षिक प्रदर्शन-आधारित स्टॉक प्रोत्साहन (वार्षिक प्रदर्शन इक्विटी टीएसआर अनुदान) के अनुदान को भी मंजूरी दे दी। यह कुछ मानदंडों के अधीन 31 मार्च 2027 को या उसके बाद दिया जाएगा।
इन्फोसिस ने बृहस्पतिवार को बीएसई को दी गई सूचना में बताया कि ईएसओपी दो मई 2025 से प्रदान किए जाएंगे और आरएसयू की संख्या की गणना दो मई 2025 को कारोबार बंद होने पर बाजार मूल्य के आधार पर की जाएगी।