अमेरिकी Chipmaker Intel ने Global IT Department में फिर की कर्मचारियों की छंटनी

By Ankit Jaiswal | Nov 18, 2026

दुनियाभर की बड़ी तकनीकी कंपनियों में कर्मचारियों की छंटनी का सिलसिला जारी है। अब अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी इंटेल ने एक बार फिर अपने कर्मचारियों की संख्या घटाई है। पिछले 2 साल से कंपनी लगातार खर्च कम करने और कामकाज को आसान बनाने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में इस सप्ताह कंपनी के वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों की नौकरियां चली गई हैं। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इस बार कितने लोगों को नौकरी से निकाला गया है।

बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटेल में छंटनी की यह नई प्रक्रिया सीईओ लिप-बू टैन की योजना का हिस्सा है। उनका मकसद कंपनी को पहले के मुकाबले छोटा, कम खर्चीला और अधिक प्रभावी बनाना है। इस सप्ताह कुछ कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नौकरी जाने की जानकारी साझा की। इन पोस्ट से पता चला कि छंटनी का असर कंपनी के वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में भी पड़ा है।

इस मामले पर इंटेल के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपनी व्यापक रणनीति के तहत लगातार कर्मचारियों की संख्या और संसाधनों की समीक्षा करती रहती है। इसका उद्देश्य कंपनी को अधिक केंद्रित और बेहतर तरीके से काम करने वाली संस्था बनाना है, ताकि उसकी प्राथमिकताओं के हिसाब से कर्मचारियों और संसाधनों का सही इस्तेमाल हो सके। हालांकि, प्रवक्ता ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की संख्या या संबंधित विभागों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

बता दें कि इंटेल पिछले कुछ वर्षों से कारोबार को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। कंपनी को चिप निर्माण के क्षेत्र में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा एआई से जुड़े चिप बाजार में भी उसकी हिस्सेदारी कमजोर हुई है। इस बाजार में एनवीडिया जैसी कंपनियों ने मजबूत पकड़ बनाई है। ऐसे में इंटेल अब अपने खर्चों में कटौती करने के साथ उन परियोजनाओं पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जिन्हें कारोबार के लिहाज से जरूरी माना जा रहा है।

लिप-बू टैन ने पिछले साल कंपनी की कमान संभाली थी। उन्होंने पद संभालने के बाद प्रबंधन के स्तर कम करने, गैर-जरूरी खर्च घटाने और कम प्राथमिकता वाले कामों से संसाधन हटाने की योजना बनाई थी। कंपनी के दस्तावेजों के मुताबिक, सितंबर के अंत तक इंटेल में 81,100 कर्मचारी काम कर रहे थे, जबकि 2025 के अंत में यह संख्या 85,100 थी।

गौरतलब है कि इससे पहले 2024 में तत्कालीन सीईओ पैट गेल्सिंगर के कार्यकाल में इंटेल ने 15,000 से अधिक नौकरियां खत्म करने की योजना घोषित की थी। यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा था। इसके बाद से कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में लगातार गिरावट आई है।

इंटेल के शेयरों पर भी कारोबारी चुनौतियों का असर देखने को मिला है। जून के अंत से कंपनी के शेयर करीब 60 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। हालांकि, इस साल की शुरुआत के मुकाबले इनमें लगभग 50 प्रतिशत की बढ़त भी दर्ज की गई है।

इंटेल अकेली ऐसी कंपनी नहीं है, जहां कर्मचारियों की छंटनी हो रही है। अमेजन, मेटा और सेल्सफोर्स जैसी बड़ी तकनीकी कंपनियों ने भी इस साल कर्मचारियों की संख्या घटाई है। वहीं, ब्लॉक जैसी कंपनियों ने छंटनी के पीछे एआई के बढ़ते इस्तेमाल को भी एक वजह बताया है। इससे साफ है कि तकनीकी क्षेत्र में कंपनियां अब कम कर्मचारियों और नई तकनीक के सहारे अपने कामकाज को ज्यादा प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi Bullion Market में Gold Price 2800 रुपये लुढ़का, सातवें दिन भी भारी मंदी

US Navy ने Iran संघर्ष में एक्सपायर्ड Tomahawk मिसाइलें दागीं, कोड बदलकर किया इस्तेमाल

Rahul Gandhi पर बरसे BJP अध्यक्ष नितिन नबिन, कहा विदेशी मंचों पर देश का अपमान न करें

शाम की बड़ी खबरें: Rahul Gandhi का अर्थव्यवस्था पर बयान, कुलगाम में लश्कर आतंकी ढेर