असम के 25 जिलों में सरकारी परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवा निलंबित की गई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 22, 2022

गुवाहाटी/सिलचर, 22 अगस्त। असम सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रेड-चार के पदों के लिए लिखित परीक्षा के दौरान कदाचार को रोकने के लिए राज्य के 25 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को रविवार को चार घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, उन जिलों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है, जहां परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। सिलचर में कछार कॉलेज के प्राचार्य को परीक्षा आयोजित करने में कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है।

ग्रेड-चार की परीक्षाएं रविवार को दो पालियों में हुईं, जबकि ग्रेड-तीन के पदों के लिए अन्य दो तिथियों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, असम (एसईबीए) द्वारा आयोजित की जा रही हैं। निजी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी एयरटेल और रिलायंस जियो के वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि असम सरकार के निर्देश के अनुसार 25 जिलों में चार घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

एयरटेल ने अपने ग्राहकों को एसएमएस के जरिये सूचित किया, ‘‘प्रिय ग्राहकों, सरकारी निर्देश के अनुसार, आपके क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे के बीच मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की जा रही हैं।’’ इसी तरह के संदेश अन्य ऑपरेटरों ने भी राज्यभर में अपने ग्राहकों को भेजे थे। गत 17 अगस्त को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा था कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कदाचार के अंदेशे से बचने के लिए परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया जाएगा।

इस बीच, असम पुलिस ने एक ट्वीट में कहा कि इन तीन दिनों के लिए परीक्षा स्थलों और उसके आसपास सीआरपीसी की धारा-144 लागू कर दी गई है, ताकि परीक्षा ‘स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से’ आयोजित किया जा सके। एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों, पत्रकारों और निगरानी में लगे अधिकारियों के अलावा अन्य लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगा दी गई है।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ले जाना भी वर्जित है। गुवाहाटी पुलिस ने एक अलग आदेश में कहा कि सीआरपीसी की धारा-144 के तहत गुवाहाटी में एसईबीएस कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में भी उस समय तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जब तक कि उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने, जमा करने और जांचने की प्रक्रिया समाप्त नहीं हो जाती।

प्रमुख खबरें

वाल्मीकि निगम मामले में ED ने पूर्व मंत्री B Nagendra का बयान दर्ज किया

26 हजार करोड़ की Bitcoin चोरी: Liquid Network में घुसे White-Hat Hackers, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

IOA विशेष बैठक में NSGA 2025 के अनुरूप संविधान संशोधनों पर लगाएगा मुहर

Delhi के Satya Niketan में इमारत ढहने के मामले में मालकिन और पति समेत 3 गिरफ्तार