IPL में सभी 10 टीमों को मिले होम और अवे मैच खेलने का मौका, Mohit Burman ने की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

(भारत शर्मा) नयी दिल्ली, 14 नवंबर पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का कार्यक्रम इतना लंबा होना चाहिए कि सभी 10 टीम एक-दूसरे के खिलाफ घरेलू और विरोधी टीम के मैदान पर मुकाबले खेल सकें। मौजूदा व्यवस्था में प्रत्येक टीम एक सत्र में लीग चरण के 14 मुकाबले खेलती है लेकिन सभी टीमों का एक-दूसरे से दो बार सामना नहीं होता। वर्ष 2028 से शुरू होने वाले मीडिया अधिकार चक्र में आईपीएल के मुकाबलों की संख्या 74 से बढ़कर 94 होने की संभावना है।

आईपीएल के कार्यक्रम की अवधि में संभावित बदलाव को लेकर जारी चर्चा के बीच बर्मन ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता लीग चरण में सभी टीम के बीच दो-दो मुकाबले सुनिश्चित करने की होनी चाहिए। बर्मन ने पीटीआई से कहा, ‘‘आईपीएल का कार्यक्रम इतना लंबा होना चाहिए कि सभी 10 टीम एक-दूसरे के खिलाफ घरेलू और विरोधी टीम के मैदान पर खेलें। आईपीएल की अवधि पर चर्चा करते समय कई पहलुओं पर विचार करना होगा।

इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कार्यक्रम, खिलाड़ियों की उपलब्धता, मौसम की परिस्थितियां, प्रसारणकर्ता और निश्चित रूप से प्रशंसक भी शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा कार्यक्रम ने लीग के लिए बेहद अच्छा काम किया है लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि बीसीसीआई टूर्नामेंट के लिए सबसे बेहतर विकल्प का लगातार आकलन करता रहेगा।’’ कोलकाता नाइटराइडर्स की सह मालिक जूही चावला ने हाल में सुझाव दिया था कि आईपीएल को मार्च के अंत में शुरू करने के बजाय जनवरी में आयोजित किया जाना चाहिए। बर्मन ने यह भी कहा कि जब तक आईपीएल का कार्यक्रम इतना लंबा नहीं हो जाता कि सभी टीम एक-दूसरे के खिलाफ घरेलू और विरोधी टीम के मैदान पर दो-दो मुकाबले खेल सकें तब तक टीमों की संख्या नहीं बढ़ाई जानी चाहिए। डाबर इंडिया के चेयरमैन बर्मन ने कहा, ‘‘जब तक कार्यक्रम इतना लंबा नहीं हो जाता कि प्रत्येक टीम दूसरी सभी टीमों के खिलाफ घरेलू और विरोधी टीम के मैदान पर खेल सके तब तक नई टीमों को शामिल नहीं किया जाना चाहिए।’’ बर्मन ने कहा कि हार्दिक पंड्या जैसे प्रभावशाली ऑलराउंडर को टीम में शामिल करना खिताब जीतने के पंजाब किंग्स के लक्ष्य के अनुरूप था।

इस सौदे के तहत पंजाब किंग्स को अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस को देना पड़ा। बर्मन ने कहा, ‘‘हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ी को टीम में शामिल करने का मौका अक्सर नहीं मिलता। वह विश्व क्रिकेट के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक हैं और बल्ले तथा गेंद दोनों से मैच का रुख बदल सकते हैं।

वह नेतृत्व क्षमता, अनुभव और दबाव की परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की काबिलियत भी लेकर आते हैं।’’ मुंबई इंडियंस के साथ सौदा तय करने में कितना समय लगा? इस सवाल पर बर्मन ने कहा, ‘‘ऐसे सौदे रातोंरात नहीं होते। हार्दिक जैसी क्षमता वाले खिलाड़ी को टीम में शामिल करने का मौका हमारे लिए बेहद रोमांचक था।

वह खुद को मैच विजेता, नेतृत्वकर्ता और टीम के लिए बेहद उपयोगी खिलाड़ी साबित कर चुके हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘टीम प्रबंधन इन चर्चाओं में करीब से शामिल था और अंत में हमें लगा कि यह पंजाब किंग्स और भविष्य के हमारे लक्ष्यों के लिहाज से सही फैसला है।’’ बर्मन ने पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में पंड्या के खेलने को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इसमें कोई समस्या नजर नहीं आती। वास्तव में मैं इसे बहुत बड़ा फायदा मानता हूं।

श्रेयस ने पंजाब किंग्स की कप्तानी शानदार तरीके से की है और 2025 में टीम को फाइनल तक पहुंचाना बड़ी उपलब्धि थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हार्दिक के पास टीमों की कप्तानी करने और खिताब जीतने का अपना अनुभव है। ड्रेसिंग रूम में क्रिकेट की समझ रखने वाले दो मजबूत खिलाड़ियों का होना फ्रेंचाइजी के लिए फायदेमंद ही होगा।’’ अर्शदीप सिंह को टीम से जाने देने के फैसले पर बर्मन ने कहा, ‘‘यह बेहद मुश्किल फैसला था। अर्शदीप पंजाब किंग्स का बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं और हमने उन्हें देश के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक बनते देखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह पंजाब के रहने वाले हैं, हमारे प्रशंसक उन्हें बहुत प्यार करते हैं और इस फ्रेंचाइजी में उनका हमेशा खास स्थान रहेगा।

वह पिछले आठ सत्र से हमारे साथ थे। लेकिन खेल में कभी-कभी आपको मुश्किल फैसले लेने पड़ते हैं।’’

प्रमुख खबरें

World Diabetes Day 2026: 20 से 30 की उम्र के युवाओं में तेजी से बढ़ रहा Type-2 Diabetes

Rajasthan Panchayat Election: 25 जिलों में चौथे चरण का मतदान, शुरुआती 3 घंटे में 15.81% वोटिंग

उपराज्यपाल Manoj Sinha पहुंचे माता Vaishno Devi धाम, सुरक्षा समीक्षा के बाद की पूजा-अर्चना

Yes Milord: एक-दो नहीं, महिला ने रचाईं 9 शादियां! सातवें पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप तो कोर्ट ने पलट दिया पूरा खेल!