IPL 2021: आरसीबी की दमदार वापसी, राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 29, 2021

दुबई। युजवेंद्र चहल और शाहबाज अहमद की स्पिन जोड़ी के दमदार प्रदर्शन से शानदार वापसी करने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने ग्लेन मैक्सवेल की नाबाद अर्धशतकीय पारी से बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को 17 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की। आरसीबी के सामने 150 रन का लक्ष्य था और उसने 17.1 ओवर में तीन विकेट पर 153 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। मैक्सवेल ने 30 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन बनाये। उन्होंने श्रीकर भरत (35 गेंदों पर 44 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिये 69 रन की साझेदारी की।

पडिक्कल आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। वह जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाये। मुस्ताफिजुर रहमान (20 रन देकर दो) ने उन्हें बोल्ड किया। पडिक्कल ने चार चौके लगाये। लक्ष्य छोटा था और इसलिए भरत और मैक्सवेल ने सहजता से बल्लेबाजी की। भरत ने 13वें ओवर में क्रिस मौरिस पर डीप स्क्वायर लेग पर पारी का पहला छक्का लगाकर स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये और फाइन लेग पर आसान कैच देकर पवेलियन लौटे। मैक्सवेल ने मौरिस पर पहले छक्का और फिर तीन चौके लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि एबी डिविलियर्स (नाबाद चार) ने विजयी चौका लगाया। मौरिस महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 50 रन दिये। इससे पहले टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे रॉयल्स का पावरप्ले के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान के 56 रन था। इनमें से 44 रन उसने केवल तीन ओवरों में बनाये। जायसवाल ने तीसरे ओवर में गेंद थामने वाले मैक्सवेल का छक्के से स्वागत किया।

लुईस ने अगले ओवर में छोर बदलकर गेंदबाजी करने के लिये उतरे जार्ज गार्टन पर दो छक्के और एक चौका और पटेल पर मिड ऑन पर छक्का जड़कर पांचवें ओवर में रॉयल्स का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। जायसवाल ने इसके बाद डेनियल क्रिस्टियन को निशाने पर रखा लेकिन आस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज ने जल्द ही उन्हें मिडऑफ पर कैच करवाकर यह साझेदारी तोड़ी। जायसवाल ने तीन चौके और दो छक्के लगाये। लुईस ने 31 गेंदों पर आईपीएल में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। कप्तान संजू सैमसन (19) ने 11वें ओवर में गेंद थामने वाले लेग स्पिनर चहल पर छक्का जड़कर टीम का स्कोर तिहरे अंक में पहुंचाया, लेकिन आरसीबी ने इसके बाद विकेटों का पतझड़ लगाकर शानदार वापसी की। गार्टन ने अपने अगले स्पैल में लुईस को गेंद हवा में लहराने के लिये मजबूर किया जबकि चहल ने महिपाल लोमरोर (तीन) को आते ही पवेलियन भेजा। बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज ने अपने पहले ओवर में ही सैमसन और राहुल तेवतिया (दो) को पवेलियन भेजकर रॉयल्स की परेशानी बढ़ा दी। चहल ने लियाम लिविंगस्टोन (छह) को नहीं चलने दिया। पटेल ने अपने तीनों विकेट आखिरी ओवर में लिये।

प्रमुख खबरें

Iran War फिर शुरू होने की संभावना के बीच Modi से मिले Marco Rubio, PM को दिया Trump का खास संदेश

Bihar Bridge Crack: 7 करोड़ का पुल 4 साल में ही धंसा, Corruption को लेकर सड़क पर उतरे लोग

Sarkari Naukri Alert: ग्रेजुएट्स के लिए SSC CGL लाया 12,256 पदों पर Vacancy, ऐसे करें Apply

Mission Punjab 2027: क्या सिख कार्ड से सत्ता का समीकरण साधेगी BJP? छवि बदलने की तैयारी!