By अंकित सिंह | Oct 28, 2024
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एनडीए की बैठक की। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य नेता बैठक में शामिल हुए। राज्य में अगले साल विधानसभा के चुनाव है। साथ ही साथ अभी चार सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। ऐसे में यह बैठक काफी अहम हो जाती है। बैठक के बाद जेडी(यू) नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि यह 2025 विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए सभी दलों के बीच समन्वय के लिए एक बैठक है। उन्होंने नारा देते हुए कहा 200 पार।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि एनडीए नेताओं ने समन्वय के लिए बैठक की क्योंकि अगले साल बिहार में उपचुनाव होने हैं और फिर आम चुनाव भी होने हैं। 2025 में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को पटना में गंगा नदी के किनारे बने घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा, तथा श्रद्धालुओं के लिए कपड़े बदलने के अस्थायी कक्ष और शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।