भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करेंगे इजराइल के नये प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 14, 2021

यरूशलम। इजराइल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने सोमवार को कहा कि वह भारत के साथ ‘‘शानदार एवं मधुर संबंधों’’ को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। बेनेट ने यह बात मोदी के बधाई ट्वीट के जवाब में कही। यामिना पार्टी के नेता बेनेट (49)ने रविवार को इजराइल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली और इसके साथ ही बेंजामिन नेतन्याहू के देश में 12 साल से चले आ रहे शासन का अंत हो गया।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में भारी बारिश एवं आंधी तूफान से नौ लोगों की मौत, 17 घायल

बेनेट ने रविवार को नेसेट (संसद) द्वारा उन्हें इज़राइल के 13 वें प्रधानमंत्री के रूप में निर्वाचित करने के बाद पद की शपथ ली। वहीं, इजराइल के वैकल्पिक प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री याइर लापिद ने सोमवार को कहा कि नई सरकार भारत के साथ “रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने” के लिए काम करेगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बधाई संदेश के जवाब में लापिद ने ट्वीट किया, “मैं दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में साथ काम करने की उम्मीद करता हूं और आशा है कि जल्द ही इजराइल में आपका स्वागत करेंगे।” जयशंकर ने इससे पहले एक ट्वीट कर अपने इजराइली समकक्ष को बधाई दी थी।

उन्होंने लिखा था, “इजराइल के वैकल्पिक प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री याइर लापिद को उनकी नियुक्ति पर बधाई। अपनी बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और आगे ले जाने के लिए मिलकर काम करने को तत्पर हैं।” येश आतीद पार्टी के प्रमुख लापिद सत्ता साझेदारी समझौते के तहत सितंबर 2023 में बेनेट से प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभालेंगे और कार्यकाल पूरा होने तक दो साल के लिए इस पद पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले नफ्ताली बेनेट को बधाई देने के साथ ही अपने ट्वीट में नेतन्याहू के प्रति अपना “गहरा आभार” व्यक्त किया। मोदी ने भारत-इजराइल साझेदारी को ‘‘व्यक्तिगत तौर पर प्राथमिकता’’ देने के लिए नेतन्याहू का धन्यवाद व्यक्त किया।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप