2029 तक भारत में होंगे 4 Launch Sites, ISRO चीफ वी नारायणन ने दी जानकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा है कि 2029 तक देश में चार प्रक्षेपण स्थल चालू हो जाएंगे, जिससे भारत की अंतरिक्ष संबंधी गतिविधियों में काफी विस्तार होगा। नारायणन ने इसरो की भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर उपग्रहों के प्रक्षेपण की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के कुलसेकरपट्टिनम में 2,000 एकड़ में लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी) के लिए एक अलग परिसर विकसित किया जाएगा। नारायणन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो का निजीकरण नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, वहां प्रक्षेपण स्थल, रेल पटरियों की व्यवस्था तथा आंकड़े प्राप्त करने, निगरानी और नियंत्रण से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी होंगी। हालांकि, उन्होंने अन्य तीन प्रस्तावित प्रक्षेपण स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि इसरो अगले दो महीने में गगनयान मिशन का पहला मानवरहित परीक्षण करने की योजना बना रहा है।

इसके बाद अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने से पहले दो और मानवरहित परीक्षण किए जाएंगे। नारायणन ने कहा, ‘‘इन परीक्षणों में अलग-अलग दबाव, तापमान और आर्द्रता की परिस्थितियों में वातावरण नियंत्रण प्रणाली, सुरक्षा प्रणालियों, आपात स्थिति में अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था और अंतरिक्ष यान के भीतर की सुविधाओं की जांच की जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि इसरो गगनयान मिशन के लिए जमीन पर लगभग 8,000 प्रयोग सफलतापूर्वक कर चुका है और अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए चुने गए चार लोग फिलहाल विशेष प्रशिक्षण ले रहे हैं। भविष्य की योजनाओं के बारे में नारायणन ने बताया कि इसरो जापान की अंतरिक्ष एजेंसी के सहयोग से ‘चंद्रयान-5’ मिशन की योजना बना रहा है, जिसके तहत चंद्रमा की सतह पर 100 दिन तक प्रयोग करने के लिए 350 किलोग्राम वजन का एक रोवर भेजा जाएगा।

प्रमुख खबरें

Godrej Properties की बिक्री बुकिंग रिकॉर्ड 41500 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान

Primary Market में अगले हफ्ते 5 नए IPO, ₹2600 करोड़ जुटाएंगी कंपनियां

HDFC Bank और Bajaj Finance को सबसे ज्यादा नुकसान, Sensex की 8 कंपनियों का M-Cap टूटा

वाराणसी के Namo Ghat पर PM Narendra Modi ने देखा IAF Air Show, फाइटर जेट्स ने दिखाए हैरतअंगेज करतब