By अंकित सिंह | Aug 10, 2024
भूस्खलन से प्रभावित वायनाड का दौरा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बीच कांग्रेस सांसद और महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मणिपुर का भी दौरा करने को कहा। एएनआई से बातचीत में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि वायनाड भूस्खलन में करीब 300 लोगों की मौत हो गई है। हमारी मांग थी कि इस घटना को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। आज पीएम मोदी ने वायनाड का दौरा किया है। अच्छा होगा कि वह मणिपुर भी जाएं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करने के मोदी के फैसले की प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नुकसान की गंभीरता को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करेंगे। राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि मोदी जी, वायनाड में आकर इस भयानक त्रासदी का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेने के लिए आपका धन्यवाद। यह एक अच्छा निर्णय है। उन्होंने आगे लिखा कि मुझे पूरा विश्वास है कि एक बार जब प्रधानमंत्री जी तबाही की भयावहता को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे, तो वे इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी उनके साथ हैं।