ITC का लागत प्रबंधन पर जोर, FMCG उत्पादों की कीमतें बढ़ाने से पहले महंगाई पर नजर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 29, 2026

 विविध कारोबार से जुड़ी कंपनी आईटीसी लिमिटेड कच्चे माल और पैकेजिंग की बढ़ती लागत का असर कम करने के लिए लागत दक्षता बढ़ाने, बेहतर स्रोतों से खरीदारी और उत्पादों में बदलाव जैसे उपायों पर ध्यान दे रही है। कंपनी कीमतों में और बढ़ोतरी का फैसला लेने से पहले महंगाई के रुख पर नजर रख रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईटीसी ने पिछले पांच-छह महीनों के दौरान विभिन्न उत्पाद श्रेणियों की परिस्थितियों के आधार पर चुनिंदा उत्पादों की कीमतों में तीन-चार प्रतिशत से लेकर सात-आठ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। 

आईटीसी के व्यक्तिगत देखभाल उत्पाद कारोबार के प्रमुख समीर सत्पथी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि कंपनी जरूरत के मुताबिक चुनिंदा उत्पादों की कीमतों में सोच-समझकर बदलाव कर रही है। इसके साथ ही वह कीमतों में बढ़ोतरी और बिक्री की मात्रा के बीच संतुलन बनाए रखने पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, हमने सबसे पहले लागत प्रबंधन पर ध्यान दिया है। इसके तहत बेहतर स्रोतों से खरीदारी, उत्पादों के स्वरूप में सुधार और विनिर्माण परिचालन तथा आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है, ताकि बढ़ती लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर कम से कम पड़े। 

व्यक्तिगत देखभाल उत्पाद खंड में कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का दबाव बना हुआ है। इनमें कच्चे तेल से बनने वाले उत्पाद, पाम तेल और इसके अन्य उत्पाद शामिल हैं। इनका इस्तेमाल साबुन, शैंपू, डिटर्जेंट और त्वचा की देखभाल से जुड़े उत्पादों में बड़े पैमाने पर होता है। इसके अलावा प्लास्टिक और पेट्रोलियम आधारित अन्य सामग्रियों सहित पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी से भी लागत का दबाव बढ़ा है। तीसरी तिमाही में कुछ अन्य एफएमसीजी कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाने के संकेतों के बीच आईटीसी की आगे कीमतें बढ़ाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर सत्पथी ने कहा कि कंपनी कच्चे माल की लागत में बदलाव पर लगातार नजर रख रही है।

 उन्होंने कहा, हम कच्चे माल की लागत से जुड़े बदलते परिदृश्य पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। फिलहाल कीमतों को लेकर दीर्घकालिक नजरिया अपनाने के बजाय हम सोच-समझकर कदम उठा रहे हैं। कीमतें बढ़ाने का कोई भी फैसला मौजूदा लागत, प्रतिस्पर्धी माहौल और उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। अभी हमने कीमतों में और बढ़ोतरी शुरू नहीं की है।

 सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजों पर चर्चा के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल), डाबर इंडिया, मैरिको, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स सहित कई कंपनियों ने कहा था कि लागत के दबाव से निपटने और बिक्री की मात्रा में वृद्धि बनाए रखने के लिए चुनिंदा उत्पादों की कीमतें बढ़ाना तथा पैक का आकार बदलना उनकी रणनीति का हिस्सा बना हुआ है।

 आईटीसी ने जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजों में कहा था कि महंगाई के दबाव के बावजूद उसके एफएमसीजी खंड का कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन सालाना आधार पर 50 आधार अंक से अधिक बढ़ा है। सत्पथी ने कहा कि कंपनी अपने उत्पाद पोर्टफोलियो में विविधता लाने और लाभप्रदता बढ़ाने के लिए इससे जुड़ी अन्य उत्पाद श्रेणियों में भी अवसर तलाश रही है।

 उन्होंने कहा, हमारी रणनीति व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों का अधिक मजबूत, विविध और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पोर्टफोलियो तैयार करने की है। इसमें अधिक मार्जिन और कम पहुंच वाली ऐसी उत्पाद श्रेणियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं।

प्रमुख खबरें

Bhupender Yadav के आवास पर जुटेंगे NCPI सांसद, New Delhi में Suvendu Adhikari भी रहेंगे मौजूद

Kashmir Weather: Srinagar में ठंड से थोड़ी राहत, 3 से 8 दिसंबर तक Snowfall का अनुमान

पूर्व CJI JS Khehar बोले- 100 साल से मूल आदर्शों पर अडिग है RSS

World Boxing Cup Finals: Minakshi Hooda समेत 5 भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचे