जयशंकर और वियतनामी विदेश मंत्री ने कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने पर स्मारक डाक टिकट जारी किए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 16, 2023

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वियतनाम के उनके समकक्ष बुई थान सोन ने भारत-वियतनाम कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर सोमवार को संयुक्त रूप से दो स्मारक डाक टिकट जारी किए। रविवार को वियतनाम की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे जयशंकर ने प्रधानमंत्री फाम मिन चिन से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं। इससे पहले, उन्होंने वियतनाम के अपने समकक्ष सोन से मुलाकात की और उनसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर दृष्टिकोण साझा करते हुए व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। वियतनाम के सूचना एवं संचार मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय, भारत के विदेश मंत्रालय, वियतनाम में भारतीय दूतावास और वियतनाम पोस्ट कॉर्पोरेशन द्वारा संयुक्त रूप से जारी डाक टिकट का उद्देश्य दोनों देशों की संस्कृतियों से रूबरू कराना है।

भारत और वियतनाम ने सात जनवरी 1972 को आधिकारिक रूप से कूटनीतिक संबंध स्थापित किए थे और 2016 में अपने संबंधों का व्यापक रणनीति साझेदारी के स्तर तक विस्तार किया था। जयशंकर ने हनोई की यात्रा के दौरान वियतनाम के पूर्व विदेश मंत्री गुयेन डी निएन से भी मुलाकात की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वियतनाम के पूर्व विदेश मंत्री (2000-06) गुयेन डी निएन से यादगार बातचीत हुई। 1950 के दशक में बीएचयू के छात्र होने के नाते भारत तथा वाराणसी के प्रति उनकी भावनाएं वास्तव में प्रेरक हैं।’’ जयशंकर वियतनाम से सिंगापुर जाएंगे और 19 तथा 20 अक्टूबर को वहां की यात्रा करेंगे।

प्रमुख खबरें

Congress अध्यक्ष Mallikarjun Kharge का आरोप, मोदी सरकार में आवाज उठाने वालों को बनाया जा रहा निशाना

EC के खिलाफ विपक्षी प्रदर्शन बेअसर साबित होगा, Himanta Biswa Sarma ने साधा निशाना

Delhi में CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले SFI सदस्य और वकील हिरासत में

Tata Motors ने Iveco ग्रुप के अधिग्रहण की पेशकश बढ़ाकर 14.40 यूरो प्रति शेयर की