By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेल सकते हैं जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के भी सात नवंबर से लिंकन में शुरू होने वाले इस मुकाबले की अंतिम एकादश में जगह बनाने की संभावना है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। दोनों खिलाड़ी फिलहाल बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में अभ्यास कर रहे हैं।
इसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज के अलावा न्यूजीलैंड दौरे पर जारी टी20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय मुकाबलों से भी आराम दिया गया था। पंत अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप के दौरान चोट का शिकार हो गए थे।
उस मुकाबले में उन्होंने शेष भारत टीम की कप्तानी की थी जिसने जम्मू-कश्मीर को हराया था। इस चोट के कारण पंत दिल्ली के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो चार दिवसीय मैचों में भी नहीं खेल सके। रिपोर्ट के अनुसार पंत ने सीओई में हल्का अभ्यास फिर से शुरू कर दिया है जिसमें बल्लेबाजी की ड्रिल भी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने अभी विकेटकीपिंग शुरू नहीं की है।
पंत की गैरमौजूदगी में झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को शुरुआती दो मैच के लिए टीम में शामिल किया गया था। झारखंड के कप्तान कुशाग्र को जारी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ईशान किशन के विकल्प के तौर पर भी चुना गया है। किशन दाएं पैर की मांसपेशी में खिंचाव के कारण चोटिल हो गए थे।
बुमराह और पंत दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यह सीरीज 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन और 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेली जाएगी।