By प्रेस विज्ञप्ति | Jun 25, 2026
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह द्वारा शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को विश्वस्तरीय खेल परिसर के रूप में विकसित किए जाने तथा ग्रेटर नोएडा के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में खिलाड़ियों एवं आमजन के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु ग्रेनो के सीईओ को भेजे गए पत्र पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सकारात्मक जवाब दिया है। प्राधिकरण द्वारा अवगत कराया गया है कि "शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध खेल सुविधाओं का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। साथ ही क्रिकेट पवेलियन, फुटबॉल मैदान, प्रकाश व्यवस्था, प्रशिक्षण सुविधाओं एवं खेल अधोसंरचना के उन्नयन के लिए अनेक कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रक्रियाधीन हैं।"
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि "खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित समाज के निर्माण का आधार है। युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। प्राधिकरण द्वारा दिए गए जबाव से यह स्पष्ट है कि खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के हितों को लेकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जा रहा है।"
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि "खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, स्पोर्ट्स साइंस, फिजियोथेरेपी एवं रिकवरी सेंटर जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार तथा विभिन्न सेक्टरों में नए खेल परिसरों के विकास की योजना क्षेत्र के खेल भविष्य को नई दिशा देगी।"
उन्होंने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम केवल ग्रेटर नोएडा ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। इसके लिए आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जाना समय की आवश्यकता है।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि "प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और ग्रेटर नोएडा खेल प्रतिभाओं के एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित होगा।"