ओडिशा: महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने वाला Balasore का आरोपी Santosh Kar गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

ओडिशा के जाजपुर जिले में एक विवाहित महिला की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में 41 वर्षीय एक व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बालासोर जिले के अलारबिंधा गांव निवासी संतोष कुमार कर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की कुछ महीने पहले सोशल मीडिया मंच पर महिला से दोस्ती हुई थी। शिकायत के मुताबिक, उसने महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उससे नियमित रूप से बातचीत करने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने दोनों के बीच वीडियो कॉल के दौरान कथित तौर पर महिला की जानकारी के बिना उसकी कुछ तस्वीरें खींच लीं।

इसके बाद आरोपी ने महिला से यौन संबंध बनाने की मांग की। महिला के इनकार करने पर उसने कथित तौर पर बदले की भावना से उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड कर दीं। पुलिस के मुताबिक, महिला को सोमवार को सोशल मीडिया पर अपनी अश्लील तस्वीरें अपलोड किए जाने की जानकारी मिली।

इसके बाद उसने उसी दिन जाजपुर रोड थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपी को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर जाजपुर रोड थाने लाया गया।

अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रमुख खबरें

ICC ODI Rankings में शीर्ष बल्लेबाज बने हुए हैं Shubman Gill, 5वें नंबर पर खिसके Rohit Sharma

Allahabad High Court का फैसला, तिलहन होने के कारण फल और सब्जी मंडी में नहीं बिक सकता नारियल

Surguja में 16 लोगों को मारने वाले हाथी को लगा Radio Collar, 6 दिन का अभियान पूरा

Pakistan को हराकर भारत 10वीं बार बना SAFF Championship विजेता, Suhail Bhat चमके