Jharkhand: सांसद का दावा, चंद्रयान के उपकरण आपूर्तिकर्ता एचईसीएल के कर्मचारियों को नहीं मिल रहा वेतन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 21, 2023

झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि चंद्रयान मिशन के लिए लॉन्च पैड और अन्य उपकरण की आपूर्ति करने वाली हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचईसीएल)के कर्मचारियों को 18 महीने से वेतन नहीं मिला है। सदन के नेता पीयूष गोयल ने आरोप पर आपत्ति जताई और सांसद से दावे की पुष्टि करने की मांग की।

माजी ने राज्यसभा में कहा, ‘‘चंद्रयान 1, 2 और 3 (मिशन) के लिए लॉन्च पैड और कई उपकरण एचईसी में बनाए गए थे। इसे 1952 में पंडित नेहरू ने स्थापित किया था। लेकिन यह कहते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है कि 2014 से पहले इसकी स्थिति ठीक थी, लेकिन 2014 के बाद से यह खराब होती जा रही है। कर्मचारियों, श्रमिकों और अधिकारियों को पिछले 18 महीनों से वेतन नहीं मिला है। वे सुबह चाय बेचते हैं और फिर कार्यालय जाते हैं।’’

गोयल ने उनके भाषण के दौरान हस्तक्षेप किया और कहा कि आरोपों के पीछे तथ्य होने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई इस तरह के आरोप तथ्यों के साथ लगाता है तो मैं इसे समझ सकता हूं। आपको उस विषय की पुष्टि करनी चाहिए जिसके बारे में आप बात कर रहे हैं।’’

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि कोई व्यक्ति यदि बयान देता है, उसे साबित करना उसका दायित्व है। माजी ने साक्ष्य प्रस्तुत करने पर सहमति जताई और कहा कि एचईसीएल के कर्मचारी इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं जो अपने आप में एक प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि एचईसीएल की स्थिति इतनी खराब है कि वे पूंजी की कमी के कारण कार्य आदेश पूरा करने में असमर्थ हैं।

 

प्रमुख खबरें

Vaishno Devi College controversy: प्रदर्शनकारियों ने LG Manoj Sinha का पुतला जलाया, वापस जाओ के नारे

गरीबों के काम का अधिकार छीना! CWC की बैठक में Kharge बोले- MGNREGA पर मोदी सरकार के खिलाफ लड़ेंगे

जब बड़े-बड़े स्टार्स ने ठुकराई मूवी; तब 1 रुपये में सलमान खान ने की थी फिल्म , जानिए क्या था वो रोल!

किस बात पर इतना भड़क गए जिनपिंग? अमेरिका की 20 रक्षा कंपनियों पर ठोक दिया बैन