By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2022
नयी दिल्ली| भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा बुधवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में दूरसंचार ग्राहकों की संख्या इस साल जनवरी में मामूली रूप से घटकर 116.94 करोड़ रह गई।
समीक्षाधीन अवधि में भारती एयरटेल के मोबाइल सेवा के ग्राहकों में 7.14 लाख की बढ़ोतरी हुई और यह एकमात्र बढ़त दर्ज करने वाली कंपनी रही।
ट्राई की मासिक ग्राहक रिपोर्ट में कहा गया कि जनवरी में मोबाइल सेवा खंड में रिलायंस जियो के सबसे अधिक 93.22 लाख ग्राहक घटे। देश के कुल दूरसंचार ग्राहक आधार में मोबाइल या वायरलेस खंड की हिस्सेदारी लगभग 98 प्रतिशत है।
समीक्षाधीन अवधि में मोबाइल सेवा खंड में वोडाफोन आइडिया ने 3.89 लाख और बीएसएनएल ने 3.77 लाख ग्राहकों को खो दिया। रिलायंस जियो ने वायरलाइन खंड में सबसे अधिक बढ़त दर्ज की और 3.08 लाख नए ग्राहक जोड़े।