घाटी में 10 और टेलीफोन एक्सचेंज बहाल, अब तक इन इलाकों में शुरू हुआ परिचालन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 19, 2019

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने रविवार को घाटी के 10 और टेलीफोन एक्सचेंजों का परिचालन शुरू कर दिया। हालांकि, पहले बहाल 17 एक्सचेंज में से एक पर सेवाएं रोक दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन को लैंड लाइन फोन का इस्तेमाल दुष्प्रचार अभियान में करने की जानकारी मिलने के बाद एक एक्सचेंज पर सेवाएं फिर से रोकी गई हैं। उन्होंने बताया कि घाटी में मौजूद 50,000 टेलीफोन फिक्स्ड लाइन में 28,000 को चालू कर दिया गया है। रविवार को जिन टेलीफोन एक्सचेंज का परिचालन शुरू किया है वे हैं श्रीनगर जिले में डल झील, सचिवालय और निशात, उत्तरी कश्मीर में पट्टन, बोनियार और बारामूला, बडगाम जिले के चाबुरा और चरार-ए-शरीफ एवं दक्षिण कश्मीर की ऐशमुकाम। 

पांच अगस्त को केंद्र की ओर से अनुच्छेद-370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे को खत्म करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेश में विभाजित करने की घोषणा से पहले राज्य में लैंडलाइन फोन और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं। इस बीच, जम्मू क्षेत्र में शनिवार को शुरू 2जी इंटरनेट सेवा संभावित सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले वीडियो क्लिप को प्रसारित करने की जानकारी मिलने के बाद बंद कर दी गई। हालांकि, जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने कहा कि 2जी सेवा तकनीकी खामी के कारण अस्थायी रूप से बंद की गई है और इसे यथाशीघ्र बहाल कर दिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि वीडियो क्लिप प्रसारित करने वाले लोगों को पकड़ने के लिये छापे मारे जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: कश्मीर में फोन लाइनें सप्ताहांत तक हो जाएंगी बहाल

जम्मू-कश्मीर पुलिस के प्रमुख दिलबाग सिंह ने इंटरनेट सेवा का दुरुपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सरकार की योजना सोमवार से सभी सरकारी प्राथमिक स्कूलों को खोलने की है। अधिकारियों का मानना है कि प्रतिबंधों की वजह से छात्रों की स्कूलों में उपस्थिति कम होगी। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के कई हिस्सों में शनिवार और रविवार को पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। 

प्रमुख खबरें

SIR और वोट चोरी पर सियासी घमासान, Rekha Gupta ने विपक्ष को घेरा

2016 Surgical Strike आतंकवाद पर भारत का निर्णायक जवाब थी: PM Narendra Modi

Asian Games में दो सिल्वर मेडल जीतकर लौटीं Elavenil Valarivan, अहमदाबाद में जोरदार स्वागत

Bareilly में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने का आरोपी Nirdesh Rathore गिरफ्तार