Reasi में आतंकी फंडिंग रोकने के लिए UAPA के तहत पांच आतंकियों की 27 कनाल जमीन जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

जम्मू कश्मीर पुलिस ने रियासी के पांच आतंकवादियों की 27 कनाल से अधिक जमीन कुर्क कर ली है। इन आतंकवादियों पर संदेह है कि वे हथियारों और गोला-बारूद का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए तथा क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने में शामिल थे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने 19 नवंबर को एक आदेश के जरिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 की धारा 25 के तहत इन संपत्तियों को कुर्क करने की मंजूरी दी।

आदेश के अनुसार, आरोपियों की जमीन कथित तौर पर बिक्री के लिए रखी जा रही थी। पुलिस को संदेह था कि जमीन बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए किया जाना था। डीजीपी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों से पता चलता है कि ये आतंकवादी अपनी जमीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं और इस बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जाना है।’’ पांचों आरोपियों की पहचान महोरे तहसील के शादोले निवासी मोहम्मद कयूम उर्फ अब्दुल कयूम, बिद्दर निवासी बशीर अहमद उर्फ मासूम, अरनास तहसील के हुंदर निवासी शौकत अली, थुरू तहसील के खांटी निवासी मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन और थुरू निवासी इम्तियाज अहमद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, महोरे थाने में 2024 में दर्ज एक मामले की जांच में पता चला कि ये कथित आतंकवादी हथियारों का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। वे यहां शांति भंग करने की कोशिशों में भी सक्रिय रूप से शामिल थे। पुलिस को 29 नवंबर, 2024 को महोरे और चसाना थानों के अधिकार क्षेत्र के 30 कथित आतंकवादियों के संबंध में जानकारी मिली थी।

ये लोग कथित तौर पर 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे और पाकिस्तान चले गए थे। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था। आदेश में शामिल संपत्ति के विवरण के अनुसार, पांचों आरोपियों के पास कुल 27 कनाल और 36 मरला जमीन है।

डीजीपी ने यूएपीए की धारा 2(1)(छ)(2) के तहत इन संपत्तियों को आतंकवाद से अर्जित संपत्ति मानते हुए उन्हें कुर्क करने की पूर्व मंजूरी दी।

प्रमुख खबरें

नया टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी में ट्रंप, निशाने पर हैं भारत समेत ये 16 देश, किन सेक्टरों पर पड़ेगा असर?

BR Ambedkar का 77 साल पुराना भाषण कालजयी, Jairam Ramesh बोले- सामाजिक लोकतंत्र बनाना जरूरी

Netflix की पाकिस्तानी सीरीज और Dar-e-Nijaat पर विवाद, भारत में स्ट्रीमिंग बैन की मांग

Saudi Arabia: रियाद के Financial District पर हूती का अटैक, 2 भारतीयों समेत 11 घायल