कई केंद्रीय मंत्री JNU से हैं, भाजपा पर आरोप लगाने वालों को यह नहीं दिखता

By दीपक कुमार त्यागी | Jan 07, 2020

जेएनयू कैंपस में नकाबपोश गुंडों के द्वारा जिस तरह से बेखौफ होकर प्रोफेसर व छात्रों से मारपीट करके कैंपस में तोड़फोड़ की गयी है, यह हालात जेएनयू की छवि के लिए चिंताजनक हैं। विश्वस्तरीय विद्वानों को तैयार करने वाला शिक्षा का प्रसिद्ध मंदिर जेएनयू जिस तरह से हाल के वर्षों में आये दिन ओछी राजनीति की प्रयोगशाला बन रहा है, वह जेएनयू के छात्रों के भविष्य के लिए अच्छा संदेश नहीं है। जिस तरह से विचारधारा की आड़ में अपना वर्चस्व साबित करने के लिए कुछ अराजक तत्वों के द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में लाठी डंडे, हथियारों से लैस होकर छात्रों पर जानलेवा हमला किया गया है और कैंपस में तोड़फोड़ की गयी है वह बेहद शर्मनाक घटना है। इस घटना ने हमारे देश के विश्वविद्यालयों में बढ़ती ओछी राजनैतिक दखलंदाजी की पोल खोल कर रख दी है। देश के प्रतिष्ठित शिक्षा के मंदिरों की हालात को भी सभी देशवासियों के सामने रख दिया है। विश्वविद्यालय परिसरों में आये दिन होने वाले इस तरह के झगड़ों की घटनाओं ने हमारे देश की शिक्षा व्यवस्था व उसको संभालने वाले शासन-प्रशासन के तंत्र की कार्यशैली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। देश के नीति-निर्माताओं व आम देशवासियों के लिए सोचने वाली बात यह है कि चंद लोगों की ओछी राजनीति के स्वार्थ को पूरा करने के लिए देश के शिक्षा के मंदिर स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालयों का राजनीतिकरण कहां तक उचित है, क्या उनको राजनीति का अखाड़ा बनाना ठीक है, क्या यह देशहित में सही कदम है। जेएनयू की इस घटना के बाद इस पर हम सभी देशवासियों को निष्पक्ष रूप से व शांत मन से विचार अवश्य करना चाहिए। जिस शिक्षा के मंदिर जेएनयू में मेहनत की भट्टी में तपाकर छात्रों को तराश कर योग्य इंसान बनाने का कार्य किया जाता था। आज वहाँ कुछ राजनेताओं के निजी एजेंडे को पूरा करने के लिए कुछ छात्रों का जमकर राजनीति के लिए आये दिन इस्तेमाल हो रहा है। जिससे इस प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को देश ही नहीं विदेशों में भी बट्टा लग रहा है, लेकिन उसके बाद भी हमारा सिस्टम कुम्भकर्णी नींद में सोया हुआ है। उसने हालात को सुधारने के लिए अभी तक कोई ठोस प्रयास धरातल पर नहीं किये हैं।

इसे भी पढ़ें: छात्र पढ़ने की बजाय राजनीतिक दलों के हाथों का खिलौना बनते जा रहे हैं

अगर हम देश के अन्य क्षेत्रों की बात करें तो देश के निजी क्षेत्र के शीर्षस्थ पदों पर, शिक्षण के क्षेत्र में और इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में भी जेएनयू से पढ़े लोगों की भरमार है। फिर भी जेएनयू के हालात दिनप्रतिदिन शिक्षा की जगह अन्य गतिविधियों पर केंद्रित क्यों होते जा रहे हैं, विश्वविद्यालय प्रशासन इस हाल पर कबूतर की तरह आँखों को बंद करके क्यों बैठा हुआ है, वह यह क्यों नहीं सोचता कि परिस्थितियों से आँखें फेरने से मौजूदा संकट का समाधान नहीं निकल सकता उसके लिए धरातल पर काम करना होगा। सरकार से जुड़े बहुत सारे लोग जगह-जगह अपने बयानों में कहते हैं कि जेएनयू राष्ट्र विरोधी लोगों का गढ़ बन गया है, उनका मानना है कि जेएनयू के छात्र, देश और समाज को तोड़ने में लगे हुए हैं, तो भाई आप सत्ता में हो फिर आप कोई ठोस कार्यवाही इस तरह के छात्रों पर क्यों नहीं करते हो, सार्वजनिक रूप से एक प्रतिष्ठित संस्थान की छवि खराब करने की जगह इस शिक्षा के मंदिर को बचाने के लिए धरातल पर पहल क्यों नहीं करते हो।

इसे भी पढ़ें: JNU हिंसा में अब तक क्या कुछ हुआ ? कहां से आएं नकाबपोश गुंडे ?

देश में हाल के दिनों में जिस तरह अलग-अलग विश्वविद्यालयों में बवाल कटा है, उन हालातों को देखकर लगता है कि अब देश में वह समय आ गया है जब केंद्र व राज्य सरकारों को यह तय करना होगा कि उनको शिक्षा के मंदिरों को चंद लोगों व छात्रों की ओछी राजनीति का अखाड़ा बनने देना है या फिर पढ़ने लिखने आने वाले अधिकांश छात्रों की पढ़ाई का केंद्र बनाना है। क्योंकि आजकल देश के विश्वविद्यालयों में जिस तरह की राजनीति दिखाई पड़ती है, उससे लोगों के दिमाग में शिक्षा के इन मंदिरों की नकारात्मक तस्वीर उभरती है। जिन विश्वविद्यालयों में कभी छात्र उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का पाठ पढ़ते थे, आज वहां शिक्षा का बहुत बुरा हाल है, जहां कभी छात्र आपसी चर्चाओं में शिक्षा, रोजमर्रा के लोक हित के व्यवहारिक ज्ञान व तथ्यों पर आधारित वैचारिक राजनीति की दीक्षा लेते थे और चर्चा करते थे, आज वहां शिक्षा-दिक्षा का स्तर बहुत तेजी से गिर रहा है। अधिकांश छात्र नेता छात्रों के हितों की बात करने की जगह स्वयं का स्वार्थ पूरा करने के लिए चंद राजनेताओं के हाथों की कठपुतली बन कर रह गये हैं। जो स्थिति शिक्षा के मंदिरों के लिए व छात्रों के भविष्य के लिए ठीक नहीं है। देश में अब वह समय आ गया है जब केंद्र व राज्य सरकारों को तय करना होगा कि उनको विश्वविद्यालयों को शिक्षा का मंदिर बनाना है या चंद राजनैतिक लोगों के छुपे हुए एजेंडा को पूरा करने व ओछी राजनीति के लिए इस्तेमाल होने वाला अखाड़ा बनने देना है।

-दीपक कुमार त्यागी

(स्वतंत्र पत्रकार व स्तंभकार)

प्रमुख खबरें

Privacy पर छिड़ी बहस के बीच Meta का बड़ा एक्शन, AI Glasses में छेड़छाड़ पर बंद होगा Camera

Wimbledon में भारतीय टेनिस का नया सितारा, Arnav Paparkar 36 साल बाद Junior Quarter-Final में।

FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।