By अनुराग गुप्ता | Jan 13, 2020
नयी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 5 जनवरी को हुई हिंसा मामले में नया खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को एक नयी उपलब्धि हासिल हुई है। क्राइम ब्रांच द्वारा की गई इन्वेस्टिगेशन के जरिए चेक शर्ट वाली लड़की की पहचान मुमकिन हो पाई है। आपको बता दें कि नीले रंग का नकाब और बैगनी रंग का शर्ट पहने हुई लड़की दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: JNU के छात्र 15 जनवरी तक शीत सेमेस्टर के लिए करा सकते हैं पंजीकरण
सोशल मीडिया में वायरल हो रही वीडियो में दो लड़को के साथ एक लड़की भी दिखाई दी। जो हाथ में राड पकड़े हुए हैं और हॉस्टल के लोगों को धमका रही है। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने नोटिस जारी करके छात्रा को पूछताछ में शामिल होने को कहा है।
चेक शर्ट वाली नकाबपोश छात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज की बताई जा रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि लड़की का नाम कोमल शर्मा है जो सेकेंड ईयर की छात्रा है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चला है कि छात्रा किस छात्र संगठन से जुड़ी हुई है। गौरतलब है कि 5 जनवरी को जेएनयू कैंपस के 3 हॉस्टलों को नकाबपोश हमलावरों द्वारा निशाना बनाया गया था। जिसमें 34 छात्र जख्मी हो गए थे।