By अभिनय आकाश | May 10, 2024
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की एक अदालत के समक्ष एक ताजा आरोप पत्र दायर किया, जिसमें बीआरएस नेता के कविता को आरोपी के रूप में नामित किया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभियोजन शिकायत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 45 और 44(1) के तहत दिल्ली राउज़ एवेन्यू कोर्ट के समक्ष दायर की गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इसी तरह की शिकायत अगले हफ्ते दायर होने की उम्मीद है। फिलहाल पूरक आरोप पत्र में केजरीवाल का नाम शामिल नहीं है। अरविंद केजरीवाल पर बाद में अलग से चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने 21 मार्च को पीएमएलए के तहत केजरीवाल को यहां उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था, जबकि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की एमएलसी बेटी के कविता को 15 मार्च को हैदराबाद से हिरासत में लिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दे दी, जबकि जमानत शर्तों के तहत उन पर कई प्रतिबंध लगाए।