By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 19, 2022
म्यूनिख, (एपी) अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने शनिवार को रूस को चेतावनी दी कि अगर वह यूक्रेन पर हमला करेगा तो उसे इसकी अभूतपूर्व आर्थिक कीमत चुकानी होगी। हैरिस ने कहा कि ऐसे हमले से यूरोपीय देश अमेरिका के और नजदीक आएंगे। उपराष्ट्रपति ने जर्मनी में आयोजित वार्षिक म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में यह बयान दिया। इससे एक दिन पहले राष्ट्र्पति जो बाइडन ने कहा था कि वह आश्वस्त हैं कि रूस के राष्ट्र्पति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर हमला करने का निर्णय ले लिया है।
उन्होंने कहा कि बाइडन प्रशासन ने अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर कूटनीतिक समाधान निकालने के लिए मास्को से बातचीत करने की कोशिश की थी, लेकिन क्रेमलिन की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया नहीं आई। उपराष्ट्रपति ने कहा, रूस लगातार यह कह रहा है कि वह बातचीत के लिए तैयार है, जबकि इसी दौरान वह कूटनीतिक समाधान के रास्ते भी बंद कर रहा है। उनकी कथनी और करनी में अंतर है।