By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
कर्नाटक के बल्लारी में एक व्यक्ति ने उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर जीएसटी पंजीकरण कराकर करीब 350 करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच शुरू कर दी गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बल्लारी निवासी रोशन जमील एक कार शोरूम में ‘सर्विस एडवाइजर’ के रूप में काम करते हैं और उन्हें कथित लेनदेन के बारे में तब पता चला, जब हाल ही में जीएसटी अधिकारी जांच के सिलसिले में उनके घर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उनके परिवार ने शिकायत दर्ज कराई और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों को पत्र लिखकर पंजीकरण और शिकायतकर्ता के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर किए गए लेनदेन के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमें शिकायत मिली है।
हालांकि, हम अपने कानूनी सलाहकार से यह राय ले रहे हैं कि शिकायतकर्ता के आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है या नहीं और अगर ऐसा है, तो किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। जांच को आगे बढ़ाने के लिए हमने जीएसटी अधिकारियों से भी विस्तृत जानकारी मांगी है।” अधिकारी ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, जीएसटी पंजीकरण संख्या जारी करने से पहले कारोबारी इकाई के पते, कार्यालय और अन्य विवरणों का सत्यापन करना जरूरी है। उन्होंने बताया, “इस मामले में हमें नहीं पता कि किन प्रक्रियाओं का पालन किया गया था और हमारे पास उस व्यक्ति की जानकारी भी नहीं है, जिसने कथित तौर पर शिकायतकर्ता की पहचान का इस्तेमाल कर खुद को उसके रूप में पेश किया।
इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”