कर्नाटक BJP अध्यक्ष BY Vijayendra ने कांग्रेस नेताओं पर की गई टिप्पणी के लिए मांगी माफी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026

बेंगलुरु/कोलार, तीन नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने राज्य में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए मंगलवार को माफी मांगी और कहा कि उन्होंने कुछ शब्दों का इस्तेमाल गुस्से में किया था और उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। यह घटनाक्रम बेंगलुरु में उनके पिता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के आवास पर विजयेंद्र के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने के बाद सामने आया है। डॉलर्स कॉलोनी स्थित येदियुरप्पा के आवास की चारदीवारी पर विजयेंद्र की आलोचना करते हुए एक पोस्टर चिपकाया गया था।

यदि मेरे शब्दों से कांग्रेस नेताओं को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं की बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के रवैये से वह क्षुब्ध थे। उन्होंने कहा, आमतौर पर मैं सार्वजनिक मंचों पर या किसी भी परिस्थिति में ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करता।

मेरे नाराज होने की वजह यह थी कि आज पूरे राज्य में बेरोजगार युवा कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में कथित अनियमितताओं और आरक्षण के मुद्दे का उल्लेख करते हुए विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सुधार शुरू करने और कर्नाटक उच्च न्यायालय के समक्ष आरक्षण के मामले को प्रभावी ढंग से रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा, इसी तरह, जब सरकार कर्नाटक उच्च न्यायालय के समक्ष आरक्षण के मुद्दे पर अपना पक्ष ठीक से रखने में विफल रही, तो स्वाभाविक रूप से मुझे गुस्सा आया और मैंने कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा, यदि मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं निश्चित रूप से माफी मांगता हूं। मैंने जानबूझकर उन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया था। मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि मैं आमतौर पर इस तरह नहीं बोलता और न ही कभी ऐसी भाषा का इस्तेमाल करता हूं।

विजयेंद्र ने दावणगेरे में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए उस पर वंचित और पिछड़े समुदायों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, यदि कांग्रेस के इन लोगों में जरा भी सम्मान या आत्मसम्मान होता, तो वे कर्नाटक उच्च न्यायालय के समक्ष आरक्षण से जुड़े मामले की ठीक से पैरवी करते।

इसके बजाय कांग्रेस सरकार केवल नाटक और छल में लगी रही और अदालत में अपना पक्ष सही ढंग से रखे बिना उसने अब वंचित और पिछड़े समुदायों के साथ अन्याय किया है।

प्रमुख खबरें

महाराष्ट्र, बिहार, J&K...देश के कई राज्यों में सियासी भूचाल, होने वाला है बड़ा धमाका!

IND vs NZ ODI Series से पहले थके खिलाड़ी, कप्तान Mitchell Santner ने जताई चिंता

विशाखापत्तनम में HPCL रिफाइनरी के स्टोरेज टैंक में लगी आग, बुझाई गई

NSEIX पर अब रोजाना 23.5 घंटे होगा कारोबार, GIFT City ने बदला ट्रेडिंग शेड्यूल