Karnataka Voter List: विशेष पुनरीक्षण के बाद 99 लाख नाम घटे, अब 4.55 करोड़ मतदाता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

कर्नाटक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या करीब एक करोड़ कम हो गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अनबुकुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया कि इस अंतिम मतदाता सूची में राज्य में 4.55 करोड़ मतदाता हैं। एसआईआर प्रक्रिया से पहले राज्य में 5,54,32,314 मतदाता थे।

कार्यालय ने बताया कि 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 6.83 लाख से अधिक है जबकि 3,92,134 लोगों की उम्र 85 वर्ष या उससे अधिक है। इसके अलावा 3,252 प्रवासी मतदाता भी हैं। अनबुकुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि निर्वाचन आयोग ने 30 जून से 27 अक्टूबर तक राज्य में एसआईआर कराने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया घोषित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की गई और 24 अगस्त को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की गई। अनबुकुमार ने कहा, इसके बाद कई लोगों ने आवेदन जमा किए। नोटिस जारी करने, जांच करने और सुनवाई पूरी करने के बाद हमने आज अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है।

उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होने के समय मतदाताओं की संख्या 4,46,80,151 थी। 16 जून से अब तक मतदाता सूची में 8,19,714 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। एक विशेष अभियान के तहत पात्र मतदाताओं से नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और सुधार या अन्य बदलावों के लिए प्रपत्र-8 जमा करने का आग्रह किया गया था।

उन्होंने बताया कि 16 जून से 26 अक्टूबर के बीच अधिकारियों को प्रपत्र-6 के 10,62,336 आवेदन, प्रपत्र-6ए के 4,872 आवेदन, प्रपत्र-7 के 2,29,235 आवेदन और प्रपत्र-8 के लगभग 13.27 लाख आवेदन प्राप्त हुए। इस तरह इस अवधि में कुल लगभग 26.23 लाख आवेदन प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लगभग 26.23 लाख प्राप्त आवेदनों में से करीब 3.03 लाख आवेदन खारिज कर दिए गए जबकि 20.64 लाख आवेदन स्वीकार किए गए और 2.55 लाख आवेदन लंबित रहे।

अनबुकुमार ने कहा, मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद प्रपत्र-6 के जरिए 8,77,104 मतदाताओं के नाम जोड़े गए। प्रपत्र-6ए के माध्यम से 2,312 अन्य मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। निवास स्थान बदलने से संबंधित प्रपत्र-8 के आवेदनों के जरिए 1,28,622 मतदाताओं के नाम उनके नए निर्वाचन क्षेत्रों में जोड़े गए।

अनबुकुमार ने बताया कि इन श्रेणियों के तहत कुल 10,08,038 मतदाताओं के नाम जोड़े गए। मसौदा मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का ब्योरा देते हुए उन्होंने कहा कि कुल 1,88,324 नाम हटाए गए। इनमें 1,091 मृत मतदाताओं, 184 अनुपस्थित मतदाताओं और 762 ऐसे मतदाताओं के नाम शामिल थे, जिनके नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज थे या जिनकी प्रविष्टियां दोहरी थीं।

उन्होंने बताया कि 1,24,327 नाम निवास स्थान बदलने से संबंधित थे, जिसके परिणामस्वरूप प्रपत्र-7 स्वत: तैयार हो गया।

प्रमुख खबरें

Delhi में 1 नवंबर से गैर-BS6 वाहनों पर रोक, 10 लाख से अधिक NCR गाड़ियों पर असर

Ras Tanura रिफाइनरी पर Houthi हमले के बाद लगी आग, Saudi Arabia में अलर्ट जारी

UN आयोग प्रमुख Erik Mose का दावा, Ukraine के ऊर्जा ढांचे पर Russia के हमले युद्ध अपराध

तुर्की-सऊदी और पाकिस्तान अचानक पहुंच गए ईरान, हो गया बड़ा खेल!