कर्नाटक MLC Election: चार सीटों पर मतगणना जारी, Congress और NDA के बीच सीधी टक्कर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के लिए मतगणना मंगलवार को शुरू हुई। इन सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक, उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटे मठ का मुकाबला भाजपा के के एम सुरेश से है। पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई के सामने भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एस वी संकनूर थे। उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर का मुकाबला भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य शशिल जी नामोशी से हुआ।

बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना के सामने जद (एस) के उम्मीदवार ए पी रंगनाथ मैदान में हैं। बेंगलुरु की सीट पर मुकाबला महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुट्टन्ना पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जद(एस) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पुट्टन्ना और रंगनाथ दोनों वोक्कालिगा समुदाय से हैं।

कांग्रेस अपनी एकमात्र सीट बरकरार रखने और अन्य सीटों पर बढ़त हासिल करने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रचार किया था। 75 सदस्यीय विधान परिषद में फिलहाल कांग्रेस के 38, भाजपा के 24 और जद(एस) के छह सदस्य हैं।

सदन में एक निर्दलीय सदस्य और सभापति सलीम अहमद भी हैं। सरकार द्वारा मनोनीत किए जाने वाले पांच सदस्यों के पद खाली हैं।

प्रमुख खबरें

Artificial Earrings से पक गए हैं कान तो Turmeric और Mustard Oil का लेप देगा राहत

भीषण चक्रवाती तूफान Arnab का ओडिशा में असर, कल Andhra Pradesh तट पर देगा दस्तक

United Nations में बड़े सुधारों की मांग: भारत चाहता है कि UNSC के सभी स्थायी सदस्यों के पास वीटो पावर हो- जानें इसका क्या है कूटनीतिक और वैश्विक अर्थ

Karwa Chauth पर ट्राई करें ये 4 आसान Hairstyle, सुबह से रात तक सेट रहेंगे बाल