By नीरज कुमार दुबे | Nov 11, 2024
नेता जनता को धर्म और जाति के आधार पर तो विभाजित करने का प्रयास करते ही हैं अब रंग के आधार पर भी लोगों को विभाजित करने का काम किया जा रहा है। हम आपको बता दें कि कर्नाटक के मंत्री बीजेड जमीर अहमद खान ने केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी को ‘कालिया’ कहकर विवाद खड़ा कर दिया है। जनता दल (सेक्युलर) ने कांग्रेस सरकार से इस नस्ली टिप्पणी के लिए जमीर को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। हम आपको बता दें कि जमीर अहमद खान ने रविवार को रामनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि चन्नापटना से कांग्रेस के उम्मीदवार सी.पी. योगीश्वर के पास इससे पहले भाजपा में जाने के अलावा कोई चारा नहीं था।
वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने भी खान के बयान की निंदा की है। रीजीजू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “मैं केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमारस्वामी को 'कालिया कुमारस्वामी' कहने के लिए कांग्रेस के नेता खान की कड़ी निंदा करता हूं। यह एक नस्लवादी टिप्पणी है, ठीक वैसे ही जैसे राहुल गांधी के सलाहकार ने दक्षिण भारतीयों को अफ्रीकियों, पूर्वोत्तर वासियों को चीनी और उत्तर भारतीयों को अरबों जैसा बताया था।''