By नीरज कुमार दुबे | Nov 18, 2026
कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई एक निर्णायक मुकाम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने जिस अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की, वह आतंकवाद के खिलाफ अभियान में मिली बड़ी सफलता का प्रतीक है। हम आपको बता दें कि लतीफ भट को कश्मीर का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया जा रहा था। उसके खात्मे के साथ आतंकवाद के स्थानीय नेटवर्क पर सुरक्षा बलों ने एक और बड़ा प्रहार किया है।
कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। ऑपरेशन सफल होने के बाद जवानों के चेहरे पर जीत का उत्साह साफ दिखाई दिया। जवानों ने जश्न मनाकर यह संदेश दिया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनका मनोबल ऊंचा है और आतंकियों को घाटी में पनाह देने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
इसे भी पढ़ें: आतंकवादी थोड़ा बहुत भाग तो सकते हैं मगर बच नहीं सकते, Lateef Bhat को जहन्नुम पहुँचा कर सुरक्षा बलों ने आतंक को दिया सख्त संदेश
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस सफलता पर सुरक्षा बलों की तारीफ की है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। हम आपको बता दें कि लतीफ भट के खिलाफ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई अवसर दिए, लेकिन उसने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने संयम और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया।
हम आपको यह भी बता दें कि इस सफलता का उत्साह जम्मू में भी देखने को मिला। डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने लतीफ भट के मारे जाने पर जश्न मनाया और सुरक्षा बलों की कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी जीत बताया।
देखा जाये तो जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से आतंकवाद का सामना कर रहे लोगों के लिए यह कार्रवाई सुरक्षा और शांति की उम्मीद को मजबूत करने वाली है। कश्मीर में आतंकियों की भर्ती पर लगाम, उनके नेटवर्क का लगातार कमजोर होना और सक्रिय आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की रणनीति का परिणाम है। लतीफ भट का खात्मा आतंकवादी संगठनों के लिए साफ संदेश है कि हिंसा और आतंक के रास्ते पर चलने वालों के खिलाफ भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी ताकत से खड़ी है। आतंकवाद के खिलाफ यह अभियान जारी है और सुरक्षा बलों की यह सफलता घाटी में शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।