आतंकवादी थोड़ा बहुत भाग तो सकते हैं मगर बच नहीं सकते, Lateef Bhat को जहन्नुम पहुँचा कर सुरक्षा बलों ने आतंक को दिया सख्त संदेश

कश्मीर जोन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पुष्टि की है कि ऑपरेशन के दौरान मारे गए एक आतंकवादी का शव और उसके साथ एक हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकवादी की पहचान मोहम्मद लतीफ भट, निवासी ख्रेवान, कुलगाम के रूप में हुई है।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई में सुरक्षा बलों ने एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जो आतंकियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। हम आपको बता दें कि कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LET) के शीर्ष कमांडर लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया। उसे सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से तलाश रही थीं और उसका नाम CRPF पर हुए आतंकी हमले से जुड़े संदिग्ध आतंकियों में प्रमुख रूप से सामने आया था। इस कार्रवाई ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति का एक और निर्णायक पहलू सामने रखा है कि आतंकी नेटवर्क चाहे जितना छिपने की कोशिश करें, सुरक्षा बल उनकी तलाश छोड़ने वाले नहीं हैं।
कश्मीर जोन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए पुष्टि की है कि ऑपरेशन के दौरान मारे गए एक आतंकवादी का शव और उसके साथ एक हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकवादी की पहचान मोहम्मद लतीफ भट, निवासी ख्रेवान, कुलगाम के रूप में हुई है। हम आपको बता दें कि लतीफ भट का सुरक्षा एजेंसियों के साथ पीछा पिछले कई महीनों से चल रहा था। वह पहले भी अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों के घेरे से बच निकलने में कामयाब रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, उसने करीब एक साल के भीतर कई बार ऑपरेशन के दौरान बच निकलने की कोशिश की। स्थानीय इलाके की जानकारी और रास्तों की पहचान का इस्तेमाल कर वह सुरक्षा बलों से बचता रहा, लेकिन इस बार उसकी रणनीति काम नहीं आई।
जंगलपोरा के देवसर इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस को आतंकियों की मौजूदगी के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बल जैसे ही संदिग्ध ठिकाने की तरफ बढ़े, आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और मुठभेड़ भड़क उठी। घेरे में फंसे लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने के कई अवसर दिए गए। अधिकारियों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, यहां तक कि वीडियो कॉल के जरिए भी उसे हथियार छोड़ने और जिंदगी का दूसरा मौका स्वीकार करने की अपील की गई। लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय गोलीबारी जारी रखी।
यही नहीं, मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद के भीतर जा पहुंचा और वहां से गोलीबारी करने लगा। सुरक्षा बलों के सामने चुनौती केवल आतंकी को निष्क्रिय करने की नहीं थी, बल्कि धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने की भी थी। इसीलिए पूरे ऑपरेशन में अत्यधिक संयम बरता गया और मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। सुरक्षाबलों ने जल्दबाजी के बजाय धैर्य और रणनीतिक नियंत्रण के साथ घेरा मजबूत किया। आखिरकार, हथियार छोड़ने से इंकार करने वाले लश्कर कमांडर का अंत मुठभेड़ में हुआ।
हम आपको बता दें कि लतीफ भट को 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में CRPF जवानों पर हुए हमले से जोड़कर देखा जा रहा था। इस हमले में तीन CRPF कर्मी घायल हुए थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ और उसका साथी उमर निसार दर हमले से पहले इलाके में रेकी कर रहे थे। CCTV फुटेज में दोनों की गतिविधियों के संकेत मिलने की बात भी सामने आई थी। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के बाद लगातार दोनों आतंकियों की तलाश कर रही थीं।
16 नवंबर को लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान उमर निसार दर मारा गया था, लेकिन लतीफ भट उस समय बच निकलने में सफल रहा। उसके सिर पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। लगातार पीछा, खुफिया सूचनाओं और संयुक्त अभियान के बाद अब उसका भी अंत हो गया।
देखा जाये तो कुलगाम में लतीफ भट का मारा जाना केवल एक आतंकी के खात्मे तक सीमित नहीं है। यह उस नेटवर्क पर प्रहार है, जो स्थानीय युवाओं को आतंकवाद में धकेलने, सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और जम्मू-कश्मीर में शांति तथा सामान्य जनजीवन को बाधित करने की कोशिश करता रहा है। सुरक्षा बलों के सामने बार-बार बच निकलने वाला आतंकी आखिरकार उसी इलाके में घिरा, जहां उसकी गतिविधियों की तलाश लगातार जारी थी।
CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने इस कार्रवाई के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ हिसाब ठंडे तरीके से ही चुकाए जाते हैं। यह टिप्पणी उस ऑपरेशन की सफलता के संदर्भ में सामने आई, जिसने आतंकवादियों और उनके मददगारों के लिए एक स्पष्ट संदेश छोड़ा है। वहीं कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने कहा कि उसे सरेंडर करने का मौका दिया गया था लेकिन वह नहीं माना।
बहरहाल, भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई किसी एक मुठभेड़ या एक अभियान तक सीमित नहीं है। यह लगातार चलने वाली कार्रवाई है, जिसमें खुफिया नेटवर्क, पुलिस, सेना और केंद्रीय सुरक्षा बलों का समन्वय निर्णायक भूमिका निभाता है। कुलगाम में लतीफ भट का खात्मा इसी संयुक्त प्रयास की सफलता है। आतंक की राह चुनने वालों के लिए संदेश साफ है कि हथियार उठाकर निर्दोषों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने वाले कानून और सुरक्षा बलों की पहुंच से बाहर नहीं हैं। वह थोड़ा बहुत भाग जरूर सकते हैं लेकिन उनका खात्मा होना तय है।
अन्य न्यूज़













