केजरीवाल, सिसोदिया साजिश के ‘‘सरगना’’ थे: दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव ने अदालत को बताया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 29, 2022

नयी दिल्ली| पूर्व मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने मंगलवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उस साजिश के ‘‘सरगना’’ थे, जिसके कारण 2018 में उनके साथ मारपीट की गई थी।

यह आपराधिक मामला 19 फरवरी, 2018 को केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर एक बैठक के दौरान प्रकाश पर हुए कथित हमले से संबंधित है।

प्रकाश की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल से कहा कि निचली अदालत ने मामले में नेताओं को आरोपमुक्त करने के अपने फैसले में गलती की।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘आप’ सरकार ने जांच एजेंसी के लिखित अनुरोध के बावजूद दिल्ली पुलिस को निचली अदालत के आदेश के खिलाफ पुनरीक्षण याचिका दायर करने की अनुमति नहीं दी।

वकील ने अदालत को बताया, ‘‘केजरीवाल और सिसोदिया इस साजिश के सरगना थे, जिसमें 11 विशिष्ट विधायकों को रात 12 बजे मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया गया था। बैठक विशेष रूप से मुख्यमंत्री के एक बैठक कक्ष में रखी गई थी, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।’’

निचली अदालत ने केजरीवाल, सिसोदिया और आप के अन्य विधायकों राजेश ऋषि, नितिन त्यागी, प्रवीण कुमार, अजय दत्त, संजीव झा, ऋतुराज गोविंद, राजेश गुप्ता, मदन लाल और दिनेश मोहनिया को आरोप मुक्त कर दिया था।

प्रमुख खबरें

सच्चा हिंदू सभी को समान मानता है, धर्म का दिखावा करने की जरूरत नहीं: के. अन्नामलाई

Delhi की नई EV Policy पर मचा बवाल, Taxi-Auto Union ने सरकार से पूछे तीखे सवाल

UP में 35 करोड़ पेड़ या 350 करोड़ का Scam? Akhilesh Yadav ने Plantation Drive पर उठाए गंभीर सवाल

गृह मंत्री Amit Shah ने Ahmedabad को दी बड़ी सौगात, Sabarmati किनारे Heritage Park का किया उद्घाटन