By अनुराग गुप्ता | Apr 02, 2022
अहमदाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे हैं। जहां पर उन्होंने साबरमती आश्रम का दौरा किया और फिर अहमदाबाद में रोड शो किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने 'तिरंगा यात्रा' की शुरुआत की। इस दौरान भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने झंडे गाड़े हैं। अब दिल्ली और पंजाब तो हो गया। हमारी तैयारी है गुजरात की बारी है।
आपको बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने एकतरफ जीत दर्ज करते हुए सरकार का गठन किया। इतना ही नहीं भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकरकलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की और उनके शपथ ग्रहण समारोह का ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया था और अब गुजरात में शहीद भगत सिंह और महात्मा गांधी के सहारे पार्टी का बेड़ा पार लगाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
केजरीवाल ने चलाया चरखा
साबरमती आश्रम में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने चरखा चलाया। इसके अलावा दोनों नेताओं ने संग्रहालय का भी दौरा किया तथा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर शीश झुकाये। उन्होंने आश्रम में आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किए और आश्रम के अधिकारियों ने उन्हें चरखे की एक प्रतिकृति तथा महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तकें भेंट की।
इस दौरान मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। इससे पहले जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था। उन्होंने कहा कि मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।