राजकोट में केजरीवाल का बड़ा ऐलान, गुजरात में AAP की सरकार बनी तो बुजुर्गो को कराएंगे मुफ्त तीर्थ यात्रा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 12, 2022

अहमदाबाद। आम आदमी पार्टी (आप)के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को वादा किया कि अगर गुजरात में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित श्रेणी (एसी) ट्रेनों में अयोध्या समेत विभिन्न धार्मिक स्थानों की मुफ्त तीर्थयात्रा करायी जाएगी। केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह राज्य में अपने करीब तीन दशक के शासन के दौरान कई मोर्चों पर विफल रही है। केजरीवाल ने गुजरात में आप द्वारा अगली सरकार बनाये जाने पर मुफ्त बिजली, बेहतर स्कूल और अस्पताल देने का भी वादा किया। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

केजरीवाल ने कहा, ‘‘अगर गुजरात में सत्ता में आए तो हम हर बुजुर्ग नागरिक को मुफ्त में धार्मिक स्थलों की यात्रा पर ले जाएंगे। हम उन्हें वातानुकूलित ट्रेन में भेजेंगे और वातानुकूलित होटल के कमरों में उनके ठहरने की व्यवस्था करेंगे।“ उन्होंने यह भी कहा, “आप शिक्षित, ईमानदार और देशभक्त लोगों की पार्टी है। मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि हमें एक मौका दें, कम से कम भाजपा का अहंकार तोड़ने के लिए। यदि आप हमारे काम को संतोषजनक नहीं पाते हैं, तो आप पांच साल बाद अगले चुनाव में किसी अन्य पार्टी को चुनने के लिए स्वतंत्र हैं।” उन्होंने दावा किया कि गुजरात के मुख्यमंत्री भले ही भूपेंद्र पटेल हैं, लेकिन सरकार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल चला रहे हैं। भाजपा पर हमला करते हुए, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल गुजरात के लोगों को लूटने के लिए सत्ता में है। 

इसे भी पढ़ें: HC से राहत मिलने के बाद बग्गा ने केजरीवाल को दी चुनौती, बोले- एक नहीं 100 फर्जी FIR करा दो, हम झुकने वाले नहीं 

उन्होंने आरोप लगाया, “अगर हम पांच साल में सरकारी स्कूल ठीक कर सकते हैं, तो भाजपा गुजरात में 27 साल में ऐसा क्यों नहीं कर सकी? क्योंकि वे सत्ता में सिर्फ लोगों को लूटने के लिए आए थे। अगर दिल्ली सरकार निजी स्कूलों को फीस बढ़ाने से रोक सकती है तो भाजपा गुजरात में ऐसा क्यों नहीं कर सकती? क्योंकि यहां के निजी स्कूल मालिकों के साथ भाजपा की सांठगांठ है।” आप नेता ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वह ठग की तरह दिखते हैं जैसा हाल में गुजरात भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने उनपर आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने रैली में आए लोगों से कहा कि अगर उन्हें लगता है कि पाटिल ‘ठग’ हैं तो वे हाथ उठाएं। इसपर सभी लोगों ने अपने हाथ उठाए। आप नेता ने कहा कि अगर लोगों को दिल्ली की तरह 24 घंटे मुफ्त बिजली चाहिए तो उन्हें उनकी पार्टी को वोट देना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Pedicure at Home: घर पर पार्लर जैसा Pedicure करें, पैरों की खूबसूरती से सबको चौंका दें

Dhurandhar 2 का Box Office पर ऐसा क्रेज, टिकट के लिए तरसे Sunil Gavaskar, एक्टर से मांगी मदद

RCB का बड़ा एक्शन: Chinnaswamy Stadium की सुरक्षा पर 7 करोड़ खर्च, AI से होगी निगरानी

West Asia संकट के बीच सरकार का बड़ा ऐलान, Petrol-Diesel का पूरा स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं