केजरीवाल को थप्पड़ मारने वाले युवक को हो सकती है एक साल की सजा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 05, 2019

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मोती नगर में रोड़ शो के दौरान थप्पड़ मारने वाले शख्स के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह घटना उस समय अंजाम दिया गया जब अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली लोकसभा सीट पर आप उम्मीदवार ब्रजेश गोयल के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे। बता दें कि शख्स के ऊपर मारपीट या जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाने की धारा 323 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस धारा में अधिकतम एक साल की सजा का प्रावधान है। आप ने पार्टी संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के दौरान एक युवक द्वारा चांटा मारे जाने की घटना की निंदा की और उन पर बार बार होने वाले हमलों के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका जताते हुये आरोप लगाया कि इस ‘‘कायराना हरकत’’ के पीछे भाजपा का हाथ है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि थप्पड़ मारने का आरोपी सुरेश (33) नाम का यह युवक कबाड़ी का काम करता है और वह आप पार्टी का समर्थक है तथा इसकी रैलियों और बैठकों में बतौर आयोजक काम करता है। पुलिस ने बताया कि मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है क्योंकि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना के समय केजरीवाल नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से आप के उम्मीदवार बृजेश गोयल के प्रचार अभियान के दौरान मोती नगर इलाके में आयोजित रोड शो हिस्सा ले रहे थे। तभी लाल रंग की टीशर्ट पहने एक युवक ने केजरीवाल की जीप पर चढ़ कर उन्हें चांटा मार दिया। दिल्ली पुलिस के एपीआरओ अनिल मित्तल ने बताया कि डीसीपी स्तर की जांच के आदेश दे दिये गए है। पुलिस ने बताया कि हमलावर सुरेश के अनुसार वह पार्टी के नेताओं के व्यवहार से परेशान था और वह इस बात से नाराज था कि पार्टी ने ‘सशस्त्र सेनाओं पर अविश्वास’ जताया है। 

इसे भी पढ़ें: केजरीवाल ने कहा नाचने वाला तो तिवारी ने इसे बताया पूर्वांचल का अपमान

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को केजरीवाल पर हुये हमले के बाद कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री की सुरक्षा मोदी सरकार के अधीन है लेकिन केजरीवाल का जीवन सबसे असुरक्षित है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बार-बार हमला और फिर पुलिस का रोना, क्या साज़िश है इसके पीछे? हिम्मत है तो सामने आकर वार करो दूसरों को हथियार बनाकर नहीं।’’ सिंह ने केजरीवाल पर हुये हमले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुये कहा, ‘‘केजरीवाल की सुरक्षा में बार बार चूक। क्या मोदी सरकार केजरीवाल पर किसी बड़े हमले का इंतज़ार कर रही है? या फिर कोई बड़ी साज़िश है?’’

उल्लेखनीय है कि केजरीवाल को शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान एक युवक ने चांटा मार दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुये बताया कि मोती नगर इलाके में रोड शो के दौरान केजरीवाल पर एक युवक ने हमला किया। उन्होंने बताया कि यह घटना शाम लगभग साढे़ पांच बजे की है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ‘‘क्या मोदी और अमित शाह अब केजरीवाल की हत्या करवाना चाहते हैं? पांच साल सारी ताक़त लगाकर जिसका मनोबल नहीं तोड़ सके, चुनाव में नहीं हरा सके, अब उसे रास्ते से इस तरह हटाना चाहते हो, कायरो! ये केजरीवाल ही तुम्हारा काल है।’’ इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस घटना की निंदा करते हुये कहा कि राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। तिवारी ने यह वारदात के आप प्रायोजित होने की आशंका जताते हुये कहा कि चुनाव के समय ही केजरीवाल पर हमले क्यों होते हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी एक युवक ने केजरीवाल पर मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश की थी। इससे पहले भी उन पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान एक व्यक्ति ने जीप पर चढ़ कर चांटा मारा था। एक बार वह स्याही हमले के भी शिकार हो चुके हैं। आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल पर हमले के पीछे भाजपा का हाथ होने की आशंका जताते हुये कहा कि चुनाव में हार के डर से बौखलाये विपक्षी दल इस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने ही इस आदमी को पहुंचवाया है। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस ने आप से संबंधित एक व्यक्ति को शामिल करवाया है। यह बहुत शर्म की बात है क्योंकि तथ्य यह है कि हमलावर की पत्नी ने खुद कहा है कि उसका पति मोदी भक्त है और वह मोदी के खिलाफ कुछ सुनना पसंद नहीं करता।’’ उन्होंने इस हमले को कायरता पूर्ण हरकत बताते हुये कहा कि विपक्ष द्वारा प्रायोजित इन हमलों से आप को दिल्ली में रोकना मुमकिन नहीं होगा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर हमले की निंदा की और कहा कि विपक्षी नेताओं पर हमला संकेत देता है कि भाजपा लोकसभा चुनाव हार रही है और हताश हो गयी है। उनके अलावा आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और पूर्व मंत्री शरद यादव, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना की निंदा की है। 

प्रमुख खबरें

यात्रियों के लिए खुशखबरी! Air India के CEO Campbell Wilson बोले- जल्द खत्म हो सकती है Flight कटौती।

Hormuz में Drone Attack से भड़का America, बोला- ईरान ने युद्धविराम तोड़ा, सैन्य एक्शन को रहें तैयार

मॉलीवुड की Politics का पर्दाफाश, Naslen की Dark Comedy Mollywood Times की OTT Release डेट आउट

Homebuyers को Supreme Court से बड़ी राहत, अब कब्ज़ा मिलने के बाद भी बिल्डर देगा मुआवज़ा।