By अभिनय आकाश | Sep 25, 2024
त्रिशूर पूरम गड़बड़ी पर एडीजीपी की जांच रिपोर्ट पर डीजीपी द्वारा असहमति जताने के बाद कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई गई है। सीपीआई मंत्री एडीजीपी अजीत कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सकते हैं। नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और व्यवसायी से नेता बने अनवर ने हाल ही में आरोप लगाया था कि एडीजीपी अजितकुमार मंत्रियों, राजनीतिक नेताओं और पत्रकारों के फोन टैप करते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अजितकुमार के सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों से करीबी संबंध थे और वह कई गंभीर अपराधों में शामिल थे।
बीती 19 मई को आयोजित त्रिशूर पूरम में व्यवधान उत्पन्न किया गया और सरकार ने तत्कालीन नगर पुलिस आयुक्त तथा सहायक आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की थी। ऐसा बताया जा रहा है कि एडीजीपी ने डीजीपी के समक्ष सीलबंद लिफाफे में जांच रिपोर्ट पेश की। खबरों के अनुसार अजित कुमार ने रिपोर्ट दायर की थी, जिसमें कथित तौर पर कहा गया है कि इसमें कोई बाहरी हस्तक्षेप नहीं था। कांग्रेस ने इस कथित रिपोर्ट की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पूरम को बाधित करने के लिए साजिशकर्ता ने स्वयं ही इस संबंध में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की है।