By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
केरलम मानवाधिकार आयोग ने तिरुवनंतपुरम के पुलिस प्रमुख को निर्देश दिया है कि राज्य सरकार के तीन सिनेमाघरों के सीसीटीवी फुटेज लीक होने के संबंध में जारी जांच की निगरानी की जिम्मेदारी किसी वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाए। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अलेक्जेंडर थॉमस ने एक आदेश में पुलिस को निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर हाईटेक प्रकोष्ठ की मदद ली जाए, जांच में तेजी लाई जाए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। राज्य मानवाधिकार आयोग के एक बयान के अनुसार तिरुवनंतपुरम के कैराली, श्री और नीला सिनेमाघरों में फिल्म देखने आए लोगों के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए थे।
केएसएफडीसी ने कहा कि साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। हालांकि, उसके प्रबंध निदेशक की ओर से पेश की गई रिपोर्ट में कहा गया कि जांचकर्ता अभी तक यह पता नहीं लगा पाए हैं कि फुटेज कब, कैसे और किसके माध्यम से लीक हुई। आयोग ने निर्देश दिया कि यदि जांच अभी लंबित है, तो उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
बयान के अनुसार, आयोग ने मीडिया में आईं खबरों के आधार पर सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता देवदास की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की।