By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
केरलम में मंगलवार को मालाबार एक्सप्रेस ट्रेन में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर उसकी पिटाई कर दी। थंपानूर रेलवे थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना), 75 (यौन उत्पीड़न), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 125 (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि महिला तिरुवनंतपुरम शहर में अपने कार्यस्थल जाने के लिए रोज की तरह चिरायिनकीझु से ट्रेन में सवार हुई थी और यात्रा के दौरान आरोपी उसे लगातार अनुचित तरीके से छूता रहा।
पुलिस के अनुसार, शुरू में महिला को लगा कि अत्यधिक भीड़ के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन बाद में उसने आरोपी के व्यवहार पर आपत्ति जताई। उसने बताया कि महिला ने पेट्टा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय आरोपी से कहा कि वह उसकी शिकायत पुलिस से करेगी। पुलिस ने बताया कि शिकायत करने की बात सुनकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह प्लेटफॉर्म पर बेहोश होकर गिर पड़ी।
यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। राजधानी के एक प्रमुख अस्पताल के जनसंपर्क विभाग में काम करने वाली महिला ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उसके चेहरे पर वार किया और उसे ट्रेन से धक्का देकर प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया। उसने कहा कि वह उसे लात मारने वाला था, तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक दिया।
महिला ने कहा, ‘‘उसने मुझे अपशब्द भी कहे।’’ पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अटिंगल में मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है।