By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
तमिलनाडु में बैंक खातों से 22.10 करोड़ रुपये की हेराफेरी से जुड़ा एक ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस धोखाधड़ी से प्राप्त धन के लेन-देन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें स्थानीय बैंक कर्मचारियों की कोई मिलीभगत है या फिर किसी के बैंक संबंधी विवरण का गलत इस्तेमाल किया गया है। पुलिस को मामले में नाइजीरिया के एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह के शामिल होने का संदेह है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विनोज पी. सेल्वम ने दावा किया कि इस घटना ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार की प्रशासनिक निगरानी, जवाबदेही और तैयारियों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सेल्वम ने आज ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ये राशि ग्रामीण विकास, जरूरी सेवाओं और जन कल्याण के लिए हैं। यह वह पैसा है जो आम नागरिकों के लाभ के लिए सरकार को सौंपा गया था। साइबर अपराधियों ने सरकारी भुगतान प्रणालियों में कथित तौर पर सेंध कैसे लगाई?
करोड़ों रुपये के लेन-देन कैसे हो गए? सुरक्षा जांच, वित्तीय नियंत्रण और निगरानी के तंत्र कहां थे?’’ उन्होंने सत्तारूढ़ टीवीके पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘दुनिया के हर राजनीतिक दल में एक आईटी शाखा होती है, लेकिन तमिलनाडु में कुछ असाधारण देखने को मिला है। पहली बार किसी अभिनेता के प्रशंसक क्लब और उसकी सोशल मीडिया सेना ने ‘हैशटैग ट्रेंड’ कराने से लेकर सीधे राज्य सरकार चलाने तक का सफर तय कर लिया है!
दुर्भाग्य से, हैशटैग संभालना और एक राज्य को चलाना दो बेहद अलग बातें हैं।’’ उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को पारदर्शी जवाबों, मजबूत संस्थानों और एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो सार्वजनिक राशि की सुरक्षा करने की अपनी क्षमता साबित कर सके।