By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
केरलम ने राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा की जांच के लिए जरूरी एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने से तेल कंपनियों के कथित तौर पर इनकार करने के बाद केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने सोमवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्य मंत्री सुरेश गोपी को पत्र लिखकर उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया कि राज्य के अधिकारियों को बिना किसी और देरी के जरूरी नमूने उपलब्ध कराए जाएं। जैकब ने अपने पत्र में कहा कि राज्य सरकार को विभिन्न पक्षों से शिकायतें मिली हैं, जिनमें वाहनों के इंजन पर एथनॉल मिश्रण के असर को लेकर चिंता जताई गई है।
इन चिंताओं को देखते हुए सरकार ने पिछले दो सप्ताह में राज्यभर के पेट्रोल पंप से पेट्रोल के नमूने जुटाने की प्रक्रिया शुरू की थी, ताकि वितरण के लिए उपलब्ध कराए जा रहे ईंधन में एथनॉल की मात्रा का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिक आपूर्ति विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नमूने एकत्र किए और जांच के लिए उन्हें राज्य सरकार की रासायनिक परीक्षक प्रयोगशालाओं को सौंप दिया। हालांकि, प्रयोगशालाओं ने विभाग को बताया कि एकत्र किए गए नमूनों से मिलान करने के लिए एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूनों की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के नमूने केवल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन जैसी तेल कंपनियों के पास उपलब्ध हैं। मंत्री ने कहा कि तेल कंपनियों ने शुरुआत में नमूने उपलब्ध कराने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में इससे पीछे हट गईं और नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को नमूने देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कंपनियों से नमूने हासिल करने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
जैकब ने स्पष्ट किया कि इस जांच का उद्देश्य तेल कंपनियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना नहीं है, बल्कि जनता की इस चिंता को दूर करना है कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा कहीं निर्धारित सीमा से अधिक तो नहीं है और इसका वाहनों पर क्या असर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से हस्तक्षेप कर तेल कंपनियों को राज्य सरकार के अधिकारियों को बिना देरी किए एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के जरूरी नमूने उपलब्ध कराने का निर्देश देने का आग्रह किया। जैकब ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार निर्धारित मानकों के अनुसार यह जांच कराने और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।