By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्चन में ऊपरी जंगली इलाकों में लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन अतिरिक्त बल भेजा है और तलाश अभियान का दायरा बढ़ा दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों में ड्रोन और खोजी कुत्तों से लैस विशेष दलों को तैनात किया गया है। दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में पदस्थ 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे।
शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे ‘स्विच ऑफ’ हो गए। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और बड़े पैमाने पर एक तलाश अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तलाश को तेज करने के लिए अतिरिक्त पुलिस और सेना के जवानों को तैनात किया गया है, और कई टीम विशाल जंगली क्षेत्रों व कठिन पहाड़ी इलाकों में फैल गई हैं।
उन्होंने बताया कि कियार के आसपास के बड़े हिस्से और धारणा-मड़वा की ओर जाने वाले रास्ते को अभियान के दायरे में लिया गया है। दुर्गम जंगली हिस्सों और ऊबड़-खाबड़ इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है, जबकि खोजी कुत्ते संभावित हलचल का पता लगाने में जमीनी टीम की सहायता कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि लापता जवानों का पता लगाने के लिए तलाशी दल घने जंगलों, पगडंडियों और दूरदराज के इलाकों की बारीकी से छानबीन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनके लापता होने के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हर संभव पहलू की जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने इस स्तर पर इस घटना को आतंकी गतिविधि से जोड़ने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि जब तक तथ्य सामने नहीं आ जाते, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। किश्तवाड़ आतंकवाद विरोधी अभियानों का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां सुरक्षा बल इसके दूरदराज और जंगली इलाकों में बचे आतंकियों के सफाए के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
लगातार चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों के परिणामस्वरूप कई सक्रिय आतंकी मारे गए हैं, जिससे जिले में उनकी मौजूदगी काफी कमजोर हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान सहित पांच लोगों की मौत हुई है। 2025 में यह आंकड़ा चार था, जिसमें तीन आतंकी और सेना का एक जवान शामिल था।
वहीं, 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी।