गौतम गंभीर के युग में लौटने की कोशिश करेगा कोलकाता नाइटराइडर्स

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 02, 2021

कोलकाता। गौतम गंभीर के जाने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के प्रदर्शन में निरंतर गिरावट आयी लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो बार की चैंपियन टीम नौ अप्रैल से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में सही संयोजन तैयार करके खोया जादू हासिल करने की कोशिश करेगी। यूएई में खेले गये पिछले टूर्नामेंट में सलामी जोड़ी से लेकर मध्यक्रम और फिनिशर तक केकेआर की टीम जूझती हुई नजर आयी। टूर्नामेंट के बीच में कप्तान भी बदला गया लेकिन इससे भी कोई फर्क नहीं पड़ा। वेस्टइंडीज के दो स्टार खिलाड़ियों आंद्रे रसेल और सुनील नारायण के नहीं चल पाने के कारण केकेआर गंभीर युग के बाद लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रहा था। केकेआर को इस सत्र का अभियान 11 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई में शुरू करना है और टीम पिछली कमजोरियों से सबक लेकर नये सिरे से शुरुआत करने के लिये प्रतिबद्ध होगी। इयोन मोर्गन पहली बार पूरे टूर्नामेंट के लिये केकेआर की कप्तानी संभालेंगे।

इसे भी पढ़ें: खेल मंत्री ने टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय एथलीटों की तैयारी की समीक्षा की

पिछले साल नारायण को संदिग्ध एक्शन के लिये चेतावनी मिली थी जिसके कारण वह चार मैच नहीं खेल पाये थे। एक अन्य रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने नारायण की अनुपस्थिति में जिम्मेदारी संभालकर 17 विकेट लिये थे, लेकिन उनकी फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। दिनेश कार्तिक ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर ध्यान देने का निर्णय किया था और वह 2020 की भरपायी 2021 में पूरी करना चाहेंगे। शाकिब और अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी दिल्ली और चेन्नई के धीमे विकेटों पर अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहेंगे। केकेआर को शुभमन गिल से अच्छी शुरुआत की आवश्यकता होगी। गिल ने पिछली बार शुरू में काफी गेंदें बर्बाद की थी जिससे मध्यक्रम पर दबाव बना था। मोर्गन की अगुवाई वाली टीम को शुरू में ही अच्छा संयोजन तैयार करना होगा, क्योंकि पिछली बार टीम ऐसा करने में असफल रही थी।

केकेआर की टीम इस प्रकार है : इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, कुलदीप यादव, शिवम मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल त्रिपाठी , वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी।

प्रमुख खबरें

Karnataka Cabinet ने तुलु को दी दूसरी अतिरिक्त प्रशासनिक भाषा के रूप में मान्यता

Ajit Agarkar का कार्यकाल खत्म, BCCI Chief Selector पद के लिए Parthiv Patel चर्चा में

लद्दाख में Sea Buckthorn का खरीद मूल्य हुआ 300 रुपये प्रति किलो, उपराज्यपाल ने की घोषणा

Odisha के 20 जिलों में भारी बारिश का IMD Yellow Alert जारी