KL Rahul के 136 रन, भारत ने New Zealand पर बनाई 118 रनों की बढ़त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शतक जमाया जबकि कप्तान शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल तिहरे अंक में पहुंचने से चूक गए लेकिन उनकी शानदार बल्लेबाजी से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। भारत ने शनिवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाए। भारत ने इस तरह से न्यूजीलैंड पर 118 रन की बढ़त हासिल कर ली है जिसने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे।

राहुल ने 290 गेंदों पर 136 रन की आकर्षक पारी खेली जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल हैं। देवदत्त पडिक्कल ने 175 गेंद पर 10 चौकों की मदद से 80 रन बनाए। गिल तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से दो गेंद पहले 98 रन बनाकर आउट हो गए।

उन्होंने 146 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। स्टंप उखड़ने के समय ऋषभ पंत 62 गेंद पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 55 रन पर खेल रहे थे जबकि नाइट वॉचमैन अंशुल कंबोज को अभी अपना खाता खोलना है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दूसरे दिन 85 रन की पारी खेली थी।

भारत के लिए यह पांचवा अवसर है जब उसके चोटी के पांच बल्लेबाज 50 इससे अधिक रन बनाने में सफल रहे। भारत ने विदेशी धरती पर पहली बार यह उपलब्धि हासिल की। जहां राहुल की पारी दृढ़ संकल्प और अचूक रक्षात्मक तकनीक पर आधारित पारंपरिक टेस्ट पारी थी, वहीं गिल ने आक्रामक रुख अपनाया।

उन्होंने दिन के आखिरी ओवर में जैकब डफी की गेंद पर बोल्ड होने से पहले बेहद आक्रामक अंदाज में कट और पुल शॉट खेले। भारतीय कप्तान ने डफी की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे भारत ने न्यूजीलैंड का स्कोर भी पार कर दिया।

जब ग्लेन फिलिप्स को दोबारा गेंदबाजी के लिए लाया गया, तो गिल ने बड़ी आसानी से उनकी गेंद को लांग ऑफ के ऊपर से छक्का मारा। भारत ने पडिक्कल के रूप में दिन का अपना पहला विकेट गंवाया। काइल जैमीसन ने उनका रक्षण भेदकर उन्हें बोल्ड किया।

न्यूजीलैंड को पहले दो सत्र में यह एकमात्र सफलता मिली। पडिक्कल अपना तीसरा लगातार टेस्ट शतक बनाने की ओर अग्रसर थे, लेकिन तभी जैमीसन ने ऑफ-स्टंप को निशाना बनाकर गेंद फेंकी जिसे बाएं हाथ के बल्लेबाज ने लाइन के अंदर खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले के बाहरी किनारे से तेजी से निकलकर ऑफ-स्टंप की गिल्ली गिरा दी। राहुल ने लंच के बाद डफी की गेंद पर शॉर्ट कवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया।

इस तरह से वह मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद सेना (एसईएनए - दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए। राहुल ने जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी करने के बाद पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। न्यूजीलैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में यह केवल तीसरा अवसर है जबकि मेहमान टीम ने पहले दो विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है।

गिल ने राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन और पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 100 की साझेदारी की। राहुल को नाथन स्मिथ ने आउट किया जिनकी गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकटों में समा गई। लंच से पहले अंतिम ओवरों में राहुल ने ऑफ स्पिनर फिलिप्स पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया।

यह भारतीय पारी का पहला छक्का था। उन्होंने फिलिप्स के अगले ओवर में कवर क्षेत्र में चौका लगाकर अपना स्कोर 90 रन के पार पहुंचाया। भारत ने सुबह एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा बेंगलुरु के दोनों बल्लेबाजों राहुल और पडिक्कल को पिच से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई जो टेस्ट के पहले दिन से ही बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है।

प्रमुख खबरें

Dev Deepawali 2026: Kashi Ganga Ghats पर 24 नवंबर को मनेगी Dev Deepawali, होगी भव्य महाआरती

ड्रेसिंग रूम विवाद में Gautam Gambhir ने बढ़ाया था हौसला, Sarfaraz Khan ने किया याद

सैनिकों को लेकर भागा US, कुवैत पर हमले के बाद क्या हुआ?

Trump ने भारत की GDP पर दिया बड़ा बयान, चीन पर भी कर दिया ऐलान