By अनन्या मिश्रा | Nov 21, 2026
काशी में देव दीपावली के महापर्व की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हर साल कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि को देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। इस बार 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान वाराणसी के गंगा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। धार्मिक मान्यता है कि देव दीपावली के मौके पर देवता स्वर्ग लोक से धरती पर आते हैं और काशी में गंगा के किनारे दीप जलाते हैं। इस अद्भुत और भव्य नजारों को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते हैं। बता दें कि देव दीपावली से पहले ही काशी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
वैदिक पंचांग के मुताबिक कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरूआत 23 नवंबर की रात 11:42 मिनट पर होगी। वहीं अगले दिन यानी की 24 नवंबर 2026 की रात 08:23 मिनट पर इस तिथि की समाप्ति होगी। ऐसे में उदयातिथि के हिसाब से 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली का महापर्व मनाया जाएगा। इस दिन प्रदोष काल का मुहूर्त शाम 05:08 मिनट से लेकर 07:47 मिनट तक रहेगा। इस दौरान काशी के गंगा घाट पर दीप जलाकर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: Tulsi Vivah: भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के पूजन से शुरू होंगे सभी मांगलिक कार्य, जानें कब होगी पूजा
इस बार भी देव दीपावली के मौके पर काशी के 84 घाटों पर भव्य दीपोत्सव देखने को मिलेगा। यहां पर करीब 10 लाख से अधिक दीप जलाए जाने की तैयारी है। वहीं गंगा पार रेती पर भी लाखों दीपक जलाएं जाएंगे। दीपों की असंख्य कतारें गंगा की लहरों पर पड़ने वाली रोशनी इस पर्व को और अधिक खास बनाएंगी। दीपोत्सव के साथ-साथ घाटों पर लेजर शो और फायर क्रैकर शो भी आयोजित होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक आयोजन के अलावा इन भव्य दृश्यों को भी देखने का मौका मिलेगा।
वहीं देव दीपावली के दौरान काशी के अलग-अलग घाटों पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं कई घाटों पर संगीत के कार्यक्रम और शास्त्रीय नृत्य का भी आयोजन होगा। इससे गंगा घाटों पर धार्मिक माहौल के अलावा सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। वहीं दशाश्वमेध घाट पर इस मौके पर देशभक्ति का माहौल दिखेगा। यहां पर गंगा सेवा निधि की तरफ से अमर जवान ज्योति का राष्ट्रभक्ति से आयोजन होगा।
देव दीपावली के मौके पर काशी के घाटों का नजारा आकर्षण का केंद्र रहता है। गंगा के दोनों किनारों पर जगमगाते दीप, सांस्कृतिक कार्यक्रम और घाटों पर होने वाली महाआरती इस पर्व को बेहद खास बनाते हैं।