ड्रेसिंग रूम विवाद में Gautam Gambhir ने बढ़ाया था हौसला, Sarfaraz Khan ने किया याद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

सरफराज खान ने खुलासा किया है कि ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने के आरोपों से उन पर और उनके परिवार पर काफी भावनात्मक प्रभाव पड़ा तथा भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले व्यक्ति थे जिन्होंने उनसे संपर्क किया और उनका हौसला बढ़ाया। मुंबई के इस बल्लेबाज पर 2024-25 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया था। इस 29 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि इन आरोप से उन्हें गहरा दुख पहुंचा और उन्हें इससे भी ज्यादा इस बात की चिंता है कि उनके माता-पिता और पत्नी पर इसका बुरा असर पड़ा।

सरफराज ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा। दो दिन बाद जीजी सर (गौतम गंभीर) ने मुझे फोन किया। उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं और मुझे ऐसी राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए, बल्कि अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा कि मैं यह समझ सकता हूं, लेकिन मेरे पिता (नौशाद) दुखी हैं और मेरी पत्नी भी रो रही है।

इसके बाद जीजी सर ने मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि वे ऐसी बातों को महत्व देना बंद करें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह एक अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से कहा कि अगर उन्हें किसी मदद की जरूरत हो तो वे उन्हें फोन करें। सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया।’’ ये आरोप तब सामने आए जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारतीय ड्रेसिंग-रूम में सब कुछ ठीक न होने की खबरें आ रही थीं।

कहा जा रहा था कि गंभीर टीम के प्रदर्शन से नाखुश नहीं थे और ऐसी खबरें सामने आईं कि मेलबर्न में चौथे टेस्ट में भारत की हार के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई थी। सरफराज पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल थे हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

प्रमुख खबरें

Tiruchendur के मुरुगन मंदिर में एक दिन में 100 से अधिक शादियां हुईं

US ने चला वेनेजुएला वाला पासा, गयाना के तेल पर डाली नजर, भारत ने पलटा पूरा खेल

Dev Deepawali 2026: Kashi Ganga Ghats पर 24 नवंबर को मनेगी Dev Deepawali, होगी भव्य महाआरती

सैनिकों को लेकर भागा US, कुवैत पर हमले के बाद क्या हुआ?