KL Rahul ने SENA देशों में लगाया शतक, तकनीक नहीं दृष्टिकोण में बदलाव को बताया वजह

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 21 नवंबर भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना ​​है कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी और उन्हें सही दृष्टिकोण अपनाने और हर गेंद पर खेलने के प्रलोभन से बचने के कारण हाल में सफलता मिली। राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 290 गेंदों पर 136 रन की पारी खेली जो उनका 13वां टेस्ट शतक है। इस शतक से वह सेना (एसईएनए - (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने।

उनकी पारी की बदौलत भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाकर 118 रन की बढ़त हासिल कर ली है। राहुल का बल्लेबाजी क्रम में कोई स्थान पक्का नहीं रहा। कभी उन्हें मध्यक्रम में खेलना पड़ा तो कभी पारी की शुरुआत करनी पड़ी।

उन्होंने स्वीकार किया कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय उन्हें लगभग हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी, जो तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है। राहुल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘तकनीक कभी कोई मुद्दा नहीं रही। 15 महीने तक मध्यक्रम में खेलते हुए मुझे प्रत्येक गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी।

तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बल्ले और गेंद के बीच कम संपर्क रखना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।’’ यह शतक राहुल के लिए विशेष महत्व रखता था, क्योंकि वह उन कुछ भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए है जिन्होंने चारों ‘सेना’ देशों में टेस्ट शतक बनाए हैं। राहुल ने कहा, ‘‘इस तरह की उपलब्धि हासिल करके बहुत अच्छा लगता है। मैं करीब तीन सप्ताह से यहां हूं और भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था लेकिन मैंने नेट पर काफी समय बिताया।

जब आप कड़ी मेहनत करते हैं, तो उसका परिणाम प्रदर्शन में दिखाई देता है।’’ दिलचस्प बात यह है कि राहुल का अपने 71 मैचों के करियर में न्यूजीलैंड में यह पहला टेस्ट मैच था लेकिन उन्होंने कहा कि वह इस मौके को लेकर बहुत ज्यादा उत्तेजित या उत्साहित नहीं थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं कभी उत्तेजित नहीं होता। यह एक ऐसा अवसर था जिसे मैं खोना नहीं चाहता था।

जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट मैच खेलते हैं तो आपको सर्वश्रेष्ठ आक्रमण के सामने खुद को परखने का मौका मिलता है।’’ राहुल ने परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर ध्यान दिया और न्यूजीलैंड में सफल होने वाले खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं नेट पर अभ्यास के लिए गया तो मेरा ध्यान किसी खास चीज पर नहीं था। मैंने बस बहुत सारी गेंदें खेलीं ताकि यह समझ सकूं कि सफल होने के लिए मुझे किस तरह का गार्ड लेना है और कैसी पोजीशन अपनानी चाहिए।

मैंने उन खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए थे।’’ राहुल ने कहा कि वेलिंगटन की पिच स्पिनरों को मदद पहुंचा रही है। गेंदें नीची रहने लगी हैं और पिच खुरदुरी बनती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘गेंद नीची रहेगी और पिच पर कुछ खुरदुरे पैच बन रहे हैं।

खेल आगे बढ़ने के साथ यह बड़े हो सकते हैं। हम उम्मीद करेंगे कि पिच और खराब हो, लेकिन तब नहीं जब हम बल्लेबाजी कर रहे हों।’’ राहुल ने अपने सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल की विशेष रूप से प्रशंसा की, जिनके साथ उन्होंने 130 रन की साझेदारी की। उन्होंने कहा, ‘‘जायसवाल काफी मेहनत करता है।

आक्रामक बल्लेबाज बनने के लिए उसने बहुत मेहनत की है। यह संयोग से नहीं होता। मैदान के बाहर भी हमारे बीच अच्छे संबंध है जिससे हमें खेलते समय मदद मिलती है।’’

प्रमुख खबरें

NCLT ने Zydus Wellness की पूर्व अनुषंगी के विघटन की याचिका निपटाई

शेख हसीना ने ये क्या कर दिया? बांग्लादेश में अचानक कैसे हुए 85 धमाके

Delhi AQI 278 दर्ज, गिरते पारे के बीच हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची

Rajasthan में BJP का सफाया, Panchayat Chunav के नतीजों के बाद कांग्रेस ने CM Bhajanlal Sharma का इस्तीफा मांगा