Kochi में फर्जी संस्था बनाकर Income Tax Refund में 2.6 करोड़ की धोखाधड़ी, FIR दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

कोच्चि में एक फर्जी सरकारी संस्थान के नाम पर जाली ‘टीडीएस क्रेडिट’ तैयार कर 2.6 करोड़ रुपये का कथित आयकर ‘रिफंड’ हासिल करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारियों की शिकायत के बाद पिछले सप्ताह कोच्चि शहर की साइबर अपराध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर ‘डायरेक्टर स्किल डेवलपमेंट फॉर रूरल वुमन एम्पावरमेंट’ नाम से एक फर्जी संस्थान बनाया और इसे राज्य सरकार के संस्थान के रूप में पेश किया। आरोपी ने सितंबर 2025 में ‘प्रोटीअन ई-गवर्नेंस’ की वेबसाइट से कर कटौती एवं संग्रह खाता संख्या (टीएएन) प्राप्त की। प्राथमिकी के अनुसार, इस टीएएन का इस्तेमाल कर फर्जी संस्थान के नाम पर ‘अकाउंट ऑफिस आइडेंटिफिकेशन नंबर’ (एआईएन) हासिल किया गया।

इसके बाद उससे जुड़े तीन अलग-अलग टीएएन भी प्राप्त किए गए। उन्होंने कथित तौर पर 28.26 करोड़ रुपये के फर्जी ‘टीडीएस क्रेडिट’ तैयार किए और उन्हें वास्तविक दिखाने के लिए ‘प्रोटीअन’ पोर्टल पर ‘फॉर्म 26क्यू’ के जरिए अपलोड कर दिया। इसके बाद 155 स्थायी खाता संख्या (पैन) का इस्तेमाल कर इन क्रेडिट का दावा किया गया।

इनमें से 16 पैन धारकों के लिए कथित तौर पर ‘रिफंड’ प्राप्त किया गया। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने आयकर विभाग से धोखाधड़ी कर कुल 2.6 करोड़ रुपये का ‘रिफंड’ हासिल किया, जिससे विभाग को वित्तीय नुकसान हुआ। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जिन पैन कार्ड और बैंक खातों में ‘रिफंड’ की राशि भेजी गई थी, उनकी जांच की जा रही है। इसने कहा कि बैंक खाताधारकों की पहचान कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

Los Angeles Earthquake: लॉस एंजिल्स में भूकंप के कारण विमान की लैंडिंग रोकी, बाद में सुरक्षित उतरा

Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम को मध्य प्रदेश सरकार देगी 1 करोड़ रुपये

Tamil Nadu की थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर जला Karthigai Deepam, दरगाह में इबादत के लिए पहुंचे मुस्लिम श्रद्धालु

Archer Hospitality विस्तार पर करेगी 200 करोड़ का निवेश, 2031 तक 300 करोड़ राजस्व का लक्ष्य