Kolkata के Wholesale और Retail Market पहुंची Police, आवश्यक चीजों के दाम की जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 25, 2026

 पुलिस की प्रवर्तन शाखा के कर्मियों ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों का जायजा लेने और जमाखोरी तथा बाजार में कृत्रिम कमी की आशंका की जांच के लिए बुधवार को शहर के थोक और खुदरा बाजारों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक वस्तुओं की अवैध जमाखोरी करने और उनकी आपूर्ति जानबूझकर कम करके कीमतें बढ़ाने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद हुई है।

 सब्जियों और रोजमर्रा की अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि के बीच मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया था। राज्य सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने सरसों के तेल, चीनी और आलू की कीमतों में असामान्य वृद्धि पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि आवश्यक वस्तुएं आम लोगों की पहुंच में रहनी चाहिए। 

प्रवर्तन शाखा के कर्मियों ने सियालदह स्थित कोले मार्केट सहित थोक बाजारों और श्यामबाजार, लेक मार्केट, कॉलेज स्ट्रीट तथा बी बी गांगुली स्ट्रीट के खुदरा बाजारों का दौरा कर कीमतों और आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। पिछले कुछ महीनों में कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है। चावल जैसी कुछ वस्तुओं के दाम 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए हैं। कारोबारियों के अनुसार, सरसों के तेल की कीमत पहले करीब 170 रुपये प्रति लीटर थी, जो बढ़कर लगभग 220 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

 चीनी की कीमतों में भी तेज वृद्धि हुई है। खुली चीनी का खुदरा भाव पहले करीब 50 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब बढ़कर 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन शाखा की टीम कीमतों में वृद्धि के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं।

 इसमें थोक और खुदरा कीमतों के बीच अंतर, बाजार में उपलब्ध भंडार तथा कारोबारियों द्वारा कीमतें बढ़ाने के लिए जमाखोरी या बाजार में हेरफेर किए जाने की आशंका शामिल है। मुख्यमंत्री द्वारा प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताए जाने के बाद अगस्त में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी।

प्रमुख खबरें

Keshav Prasad Maurya का SP-Congress पर वार, बोले- UP में तीसरी बार बनेगी BJP सरकार

Indonesia: सोने की खदान में घुसा नदी का पानी, 29 खनिक फंसे

मजबूत आर्थिक वृद्धि से भारतीय NBFC का माहौल रहेगा स्थिर, Fitch Ratings का अनुमान

झूठ से नफरत करते हैं, वो देश को...मोहन भागवत ने भारत की एकता के पीछे के रहस्य को बताया, Gen Z का जिक्र कर दिया क्या संदेश?