स्वप्न में कृष्ण (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | May 24, 2025

कल दोपहर के खाने में खिचड़ी बनी हुई थी। मुझे खिचड़ी ज़्यादा पसंद नहीं है यह मेरी पत्नी जानती है। खिचड़ी का स्वाद लेते हुए उन्होंने बताया कि फलां रिश्तेदार, पिछले दिनों सुबह सात बजे अमुक मंदिर पहुंच गए थे। वहां एक व्यक्ति ने अपने व्यवसाय के तहत, कुछ पैसे लेकर उन्हें मंदिर के मुख्य क्षेत्र में प्रवेश करवा दिया और बहुत पास से भगवान् के दर्शन हुए। मैंने कहा, भगवान् दूर कहां हैं, वे तो कण कण में हमारे रोम रोम में व्याप्त हैं। मुझे भगवान् कृष्ण बहुत पसंद हैं और मेरे सपनों में आते रहते हैं। ख़ास तौर पर जब मैं परेशान होता हूं, सोते हुए भी दिमाग में कुछ न कुछ चल रहा होता है, नींद तो आ ही जाती है। फिर अक्सर होता है कि कृष्ण पधारते हैं। 

इसे भी पढ़ें: चूहों का आतंक (व्यंग्य)

कई बार सोचता हूं पत्रकार सम्मेलन कर एक ब्यान जारी कर दूं कि मेरे ख़्वाब में कृष्ण आते हैं लेकिन कोई मानेगा नहीं, कहेंगे आप प्रसिद्धि पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। अगर किसी धर्मपरायण व्यक्ति से कहूँगा तो कहेंगे आप तो कम धार्मिक व्यक्ति हो आपके सपने में भगवान् कैसे आ सकते हैं। बात तो सही है भगवान् पर तो कुछ ख़ास लोगों का अधिकार है। हो सकता है, भगवान् और आम आदमी के बीच संपर्क बनने वाले विशेष व्यक्ति कहें, यह बंदा तो साल में एक व्रत भी नहीं रखता, कभी धार्मिक आयोजन में नहीं आता, यह झूठ बोल रहा है। इसके सपने में भगवान् बिलकुल नहीं आ सकते।  

सोचता हूं उन्हें कह दूं, आप ठीक कह रहे हैं। भगवान् कृष्ण के पास इतना अतिरिक्त समय नहीं है कि मेरे जैसे व्यक्ति के सपने में आएं और बांसुरी भी बजाएं। मैं तो खुश होने के लिए झूठ बोल रहा था। हो सकता है उन्हें यह भी अच्छा न लगे तो मैं यह कह सकता हूं कि भगवान् कृष्ण ने गीता में कहा है कि ऐसा झूठ जिससे किसी की हानि न हो बोला जा सकता है। लेकिन यह भी तो सच है कि कृष्ण को पाने के लिए कहीं जाने की ज़रूरत नहीं। मुझे खिचड़ी पसंद है या नहीं वह अलग बात है।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

चोट से उबरकर Carlos Alcaraz की शानदार वापसी, Japan Open Tennis फाइनल में दर्ज की जीत

Rahul Gandhi की हिरासत और नए वायुसेना प्रमुख की घोषणा समेत रात की प्रमुख खबरें

ECI मार्च पर Delhi Police का एक्शन, Rahul Gandhi और Priyanka समेत 260 लोग हिरासत में लिए गए

Gurugram Bar Association ने कैप्टन Smit Machhar को Ashok Chakra देने की मांग की