Kashmir में आतंकियों और उनके मददगारों पर ताबड़तोड़ एक्शन से Mehbooba Mufti को हो रहा दर्द

By नीरज कुमार दुबे | Nov 17, 2026

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हमले में शामिल एक आतंकवादी उमर निसार डार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात कमांडर लतीफ भट अब भी सुरक्षा बलों के निशाने पर है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले ओवरग्राउंड वर्कर्स के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इन घटनाओं से साफ है कि अब आतंकवादियों के साथ-साथ उन्हें पनाह देने, रसद पहुंचाने और उनके लिए सुरक्षित रास्ते तैयार करने वाले नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान गांव में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। जांच में सामने आया कि इस हमले में उमर निसार डार और लश्कर कमांडर लतीफ भट शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, उमर निसार डार ने आतंकवादी संगठन में शामिल होने से पहले करीब छह महीने तक लतीफ भट को अपने यहां पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले इलाके की रेकी की और सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखी। सीसीटीवी फुटेज में हमले से पहले और बाद में दोनों की गतिविधियां भी दर्ज हुई हैं।

इसे भी पढ़ें: श्रीनगर में Congress का प्रदर्शन पुलिस ने रोका, BJP विधायक शगुन परिहार के खिलाफ FIR की मांग

सोमवार को सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध कुलगाम के लारू बाईपास के पास मौजूद हैं। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों की घेराबंदी देखकर दोनों संदिग्ध पास के सेब के बाग के नजदीक स्थित स्कूलों की तरफ भाग गए। उस समय स्कूलों में बच्चे मौजूद थे। ऐसे में सुरक्षा बलों ने पहले दोनों स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसमें करीब 90 मिनट लगे। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद अभियान आगे बढ़ाया गया और मुठभेड़ में उमर डार मारा गया। लतीफ भट भागने में सफल रहा, हालांकि उसके घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

लतीफ भट की तलाश अब तेज कर दी गई है। वह सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ है। उस पर अनंतनाग में 22 जुलाई को हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है। ऐसे में उसके खिलाफ चल रहा अभियान केवल एक आतंकवादी की तलाश नहीं, बल्कि घाटी में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई है।

आतंकवादियों के मददगार भी जांच के घेरे में

इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू एनआईए की कार्रवाई है। पाकिस्तान स्थित लश्कर और जैश के आतंकवादियों को स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने वाले ओवरग्राउंड वर्कर्स के नेटवर्क की जांच शुरू की गई है। राजौरी में गिरफ्तार जाकिर हुसैन और मोहम्मद आजम पर आतंकवादियों को पनाह देने, रसद उपलब्ध कराने और सुरक्षित आवागमन में मदद करने के आरोप हैं। गृह मंत्रालय ने मामले की गंभीरता और व्यापक साजिश का पर्दाफाश करने की जरूरत को देखते हुए एनआईए जांच के निर्देश दिए हैं।

यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आतंकवाद केवल हथियार उठाने वाले कुछ लोगों तक सीमित नहीं होता। उसके पीछे पनाह देने वालों, रास्ते बताने वालों, ठिकाने उपलब्ध कराने वालों और दूसरे प्रकार की सहायता पहुंचाने वालों का पूरा तंत्र काम करता है। जब तक इस तंत्र को ध्वस्त नहीं किया जाएगा, तब तक आतंकवाद की जड़ों पर निर्णायक प्रहार करना मुश्किल होगा।

महबूबा मुफ्ती की चिंता और सुरक्षा बलों की चुनौती

इसी बीच पीडीपी अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कुछ लोगों की गलतियों के लिए पूरी आबादी को सामूहिक सजा देना अलगाव की भावना पैदा करता है। उन्होंने कुलगाम के अखरान नौपोरा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।

देखा जाये तो नागरिकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की जमीनी परिस्थितियों को भी समझना जरूरी है। क्या उन तीन सीआरपीएफ जवानों की सुरक्षा और उनके परिवारों की चिंता कम महत्वपूर्ण है, जिन्हें आतंकवादियों ने निशाना बनाया? क्या स्कूलों के आसपास छिपने वाले आतंकवादियों से बच्चों की जान को पैदा हुए खतरे को नजरअंदाज किया जा सकता है? गौर करने वाली बात यह है कि इसी अभियान में सुरक्षा बलों ने सबसे पहले स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित निकालने को प्राथमिकता दी और उसके बाद मुठभेड़ शुरू की। इसलिए महबूबा मुफ्ती और उनकी सोच जैसे वाले नेताओं को सुरक्षा मामलों पर राजनीति करने से बचना चाहिए।

सीआरपीएफ ने भी कड़े किए सुरक्षा इंतजाम

दूसरी ओर, कुलगाम हमले के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और जवानों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अब ड्यूटी के दौरान बुलेटप्रूफ जैकेट और सुरक्षात्मक हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। नाकों पर मोबाइल बुलेटप्रूफ मोर्चे, पर्याप्त रोशनी, बेहतर संचार व्यवस्था और अतिरिक्त निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी केवल आवश्यक आधिकारिक संवाद तक सीमित किया गया है।

देखा जाये तो कुलगाम की कार्रवाई ने आतंकवादी संगठनों और उनके मददगारों को साफ संदेश दिया है कि सुरक्षा बल अब केवल हमले का जवाब देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमले की साजिश, उसकी तैयारी और उसके पीछे काम करने वाले पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

आतंकवादियों को यह समझ लेना चाहिए कि मासूम नागरिकों, स्कूलों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकते। पाकिस्तान में बैठे उनके आकाओं से लेकर घाटी में उन्हें पनाह देने वाले मददगारों तक, हर संदिग्ध कड़ी की जांच होगी। जम्मू-कश्मीर में शांति और सुरक्षा की राह में बंदूक उठाने वालों तथा आतंकवाद को सहारा देने वाले नेटवर्क के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा।

प्रमुख खबरें

नितेश तिवारी की फिल्म Ramayana: Rise of a Legend का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 11 दिनों में वैश्विक स्तर पर 1386 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई

West Bengal में छह माह में पुलिस फायरिंग से पांच मौतें, मुठभेड़ों पर पुरानी बहस फिर तेज

Top 10 Breaking News 17 November 2026 | Sonia Gandhi Book Launch | Punjab Elections 2027 | Sukhbir Singh Badal | देश-विदेश से जुड़ी आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

Yogi के 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने के दावे पर चुनाव आयोग का जवाब आते ही Akhilesh Yadav ने BJP को घेर लिया